जमानत की याचिका पर सुनवाई के लिए जज ने दी अगली तारीख, गुस्साए कैदी ने उन पर फेंक दी चप्पल, चोरी के मामले में दो साल से जेल में है बंद
एनसीआई@भीलवाड़ा
एसीजेएम कोर्ट नम्बर-1 में सोमवार को चोरी के मामले के कैदी की जमानत की अर्जी पर सुनवाई चल रही। इसमें जज रूपेन्द्र सिंह ने अगली तारीख दे दी। इससे नाराज क़ैदी इस्माइल उर्फ पोंडिया बिफर गया और चप्पल उतार कर जज की तरफ फेंक दी। चप्पल जज के हाथ पर जाकर लगी। दरअसल इस्माइल आज ही फैसला सुनाने की मांग कर रहा था। उधर, इस घटना से कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई।
जज से कहा- फैसला आज सुनाओ
कोतवाली थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि पिछले 2 साल से जेल में बंद इस्माइल उर्फ पोंडिया की जमानत याचिका पर कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। वह चोरी के मामले में बंद है। दोपहर करीब डेढ़ बजे इस्माइल उर्फ पोंडिया को सुनवाई के लिए पेश किया गया था। सुनवाई के बाद मजिस्ट्रेट ने अगली तारीख दी तो इस्माइल गुस्से में आ गया। इसके बाद पेशकार और वकील कागजातों के लिए मजिस्ट्रेट से बातचीत करने लगे। इसी बीच इस्माइल ने अचानक चप्पल उतारी और मजिस्ट्रेट पर फेंक दी।
इस सम्बन्ध में इस्माइल के खिलाफ कोतवाली पुलिस में एक और मामला दर्ज करवाया गया है। आरोपी इस्माइल पहले भी एक महिला जज पर चप्पल फेंकने का प्रयास कर चुका है। हालांकि उस समय आरोपी चप्पल फेंक पाता, उससे पहले ही चालानी गार्ड ने उसे रोक दिया था।
वकीलों ने जताई नाराजगी
कोर्ट परिसर में हुए घटनाक्रम पर वकीलों ने नाराजगी जाहिर की है। एडवोकेट अशोक जैन ने कहा- कोर्ट में आज जो घटना हुई, वो निंदनीय है। युवक ने मजिस्ट्रेट पर नहीं, न्याय प्रणाली पर हमला किया है। जजों को सुरक्षा मुहैया करवाई जानी चाहिए।
