April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: समय से पूर्व आ सकता है मानसून, जानें इस बार राज्य में कैसी होगी बारिश

राजस्थान: समय से पूर्व आ सकता है मानसून, जानें इस बार राज्य में कैसी होगी बारिश

एनसीआई@जयपुर

आज देश में मानसून का प्रवेश हो गया है। केरल में इस बार मानसून तय समय से दो दिन पहले पहुंच गया। जबकि पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालेंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में तो समय से एक सप्ताह पहले ही मानसून आ गया है। इसी क्रम में राजस्थान में भी मानसून समय‌ से एक-दो दिन पहले अब से 25 दिन बाद आ सकता है। सामान्य स्थिति में प्रदेश में मानसून का प्रवेश 25 जून को माना जाता है।

इस सम्बन्ध में जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा कहते हैं- मानसून राजस्थान में कब तक आएगा, इसकी अभी निश्चित तारीख नहीं बताई जा सकती है। सामान्यतया केरल में मानसून आने के 25 दिन बाद यह राजस्थान में प्रवेश कर जाता है। इसी के चलते सम्भावना है कि जून के आखिरी सप्ताह में यह राजस्थान में आ जाएगा।

सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान

जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया-इस बार राज्य में मानसून अच्छा रहने की उम्मीद है। कहीं पर सामान्य तो कुछ स्थानों पर सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान है। पिछले दिनों केन्द्रीय मौसम विभाग ने जो फोरकास्ट जारी किया था, उसमें केरल में 31 मई को मानसून के प्रवेश करने की घोषणा की गई थी। वहीं, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, चेन्नई में इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान जताया गया था।

पूरे राजस्थान में जहां मानसून सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। वहीं, इसमें पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, फलोदी और पूर्वी राजस्थान के अलवर, झुंझुनूं क्षेत्र में बारिश के थोड़ा ज्यादा होने की सम्भावना है।

15 फीसदी ज्यादा हुई थी बारिश

राजस्थान में गत वर्ष 2023 में मानसून का प्रवेश 25 जून को हुआ था, तब पूरे प्रदेश में जून से सितम्बर के दौरान सामान्य से 15 फीसदी ज्यादा पानी बरसा था। राज्य में मानसून सीजन के दौरान 435.6 एमएम सामान्य बरसात होती है, इसकी तुलना में गत वर्ष 499.7 एमएम औसत बारिश हुई थी।

दस साल में दो बार सामान्य से कम बारिश

पिछले 10 साल के मानसून की रिपोर्ट से पता चलता है कि इस दौरान दो सीजन ऐसे रहे, जब मानसून की बारिश सामान्य या उससे कम हुई। वर्ष 2018 में मानसून के दौरान राजस्थान में औसत बारिश 393.3 एमएम हुई थी, जबकि उस समय सामान्य औसत बरसात 419.6 एमएम होती थी। इसी तरह वर्ष 2014 में भी राजस्थान में मानसून सीजन में औसत बरसात 420.4 एमएम हुई थी, जबकि सामान्य औसत बारिश 419 एमएम आंकी जाती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.