कोटा सरस डेयरी ने लिया बड़ा फैसला, कोटा-बूंदी के दुग्ध उत्पादकों को होगा फायदा
एनसीआई@कोटा
कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक संघ के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सरस डेयरी सभागार में डेयरी अधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक में दूध की खरीद दर में 30 पैसे का इजाफा कर दिया गया।
अध्यक्ष चैनसिंह ने बताया कि डेयरी को दूध देने वाले पशुपालकों के हित में यह निर्णय उन्होंने गर्मी के मौसम के प्रारम्भ होते ही ले लिया था। आरसीडीएफ से भी इसकी पालना के लिए निर्णय पारित कर लिया था। आचार संहिता के चलते ये दरें लागू नहीं की जा सकी थीं। उन्होंने बताया कि डेयरी अब पशुपालकों से 7.20 रुपए प्रति लीटर की बजाय 7.50 रुपए प्रति लीटर की दर से दूध खरीदेगी। ऐसे में पशुपालकों को प्रति लीटर 30 पैसे का मुनाफा होगा।
संघ पर आएगा भार
डेयरी के एमडी दिलखुश मीणा ने बताया कि वर्तमान में संघ में प्रतिदिन औसतन 60 हजार लीटर दूध आ रहा है। गर्मी के मौसम में दूध की आवक कम हो जाती है। पशुपालकों के हितों में संघ दरों में वृद्धि करता रहता है। उसी कड़ी में संघ अध्यक्ष ने दूध की क्रय दरों में 30 पैसे की बढ़ोतरी की है। ऐसे में संघ को प्रतिमाह 5 लाख 40 हजार रुपए का अतिरिक्त भार वहन करना पड़ेगा। इसके लिए डेयरी ने आसीडीएफ की अनुमति भी प्राप्त कर ली है।
