कंगना को थप्पड़ मारने वाली कुलविंदर कौर के लिए सोने की अंगूठी भिजवा रही यह पार्टी, खूब की तारीफ
थानथाई पेरियार द्रविदार कड़गम पार्टी ने कुलविंदर कौर के लिए एक 8 ग्राम सोने की अंगूठी भेजने का फैसला किया है। इसमें पेरियार की तस्वीर होगी। पार्टी ने कुलविंदर की तारीफ भी की है।
एनसीआई@चंडीगढ़
हिमाचल प्रदेश के मंडी से नवनिर्वाचित सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर थप्पड़ मारने वाली सीआईएसएफ कर्मी कुलविंदर कौर के समर्थन में भी कम लोग नहीं हैं। बहुत से लोग इस घटना की आलोचना कर रहे हैं तो कुछ लोग कुलविंदर को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद उनकी रिहाई के लिए जुलूस भी निकलने लगे। इसी क्रम में अब थानथाई पेरियार द्रविदार कड़गम (TPDK) पार्टी ने कुलविंदर कौर के लिए एक सोने की अंगूठी भेजने का फैसला किया है। कहा है कि इस रिंग में पेरियार की तस्वीर भी लगी होगी।
8 ग्राम सोने की रिंग भेजने की योजना
TPDK महासचिव केयू रामाकृष्णन ने शनिवार को जारी अपने वक्तव्य में कहा, हम 8 ग्राम सोने की रिंग भेजने की योजना बना रहे हैं। हम चाहते हैं कि किसानों के लिए निर्भीक तरीके से खड़ी होने वाली महिला को सम्मानित किया जाए। उल्लेखनीय है कि थप्पड़ मारने के बाद कुलविंदर कौर ने इसका कारण बताते हुए कहा था कि कंगना ने धरने पर बैठे किसानों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। कुलविंदर की मां भी धरने पर बैठी थीं।
रामाकृष्णन ने कहा, हम कुलविंदर कौर के घर के एड्रेस पर रिंग भेज देंगे। अगर वह कुरियर को स्वीकार नहीं करेंगी तो हम अपने किसी सदस्य को उनके घर भेजेंगे। हमारा कोई साथी ट्रेन या फ्लाइट से उनके घर जाएगा और पेरियार की कुछ पुस्तकें भी गिफ्ट करेगा। रविवार को मोहाली में सीआईएसएफ के समर्थन में भी रैली निकाली गई रैली की आड़ में इस मामले की पूरी जांच किए जाने के साथ कुलविंदर कौर के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द किए जाने की मांग भी की गई थी। वहीं मोहाली पुलिस इस घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी गठित कर चुकी है। इस टीम को एसपी सिटी हरबीर सिंह अटवाल की अगुआई में जांच करना है।
भगवंत मान ने यह दी प्रतिक्रिया
इस मसले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी सोमवार को आखिरकार अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि सीआईएसएफ जवान कुलविंदर कौर ने गुस्से के चलते कंगना को थप्पड़ मारा होगा। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ उसपर खेद है। यहां बता दें कि काफी लोग कुलविंदर कौर को बहादुर और वीरांगना बता रहे हैं। पंजाब में कुछ जगहों पर कुलविंदर कौर के समर्थन में लड्डू भी बांटे गए थे। यही नहीं किसान संगठनों ने तो कुलविंदर कौर को सम्मानित करने का भी ऐलान कर दिया है।
यह था मामला
दरअसल 7 जून को कंगना रनौत दिल्ली जाने के लिए चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचीं थीं। तभी सुरक्षा जांच के लिए तैनात सीआईएसएफ कॉन्स्टेबल कुलविंदर कौर ने अचानक उन्हें थप्पड़ मार दिया था।
