रजत शर्मा ने मुझे टीवी पर गाली दी, आरोप लगा कर रोने लगीं कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक, शर्मा ने आरोप को पूरी तरह नकारा, फिर सम्बन्धित वीडियो भी दिखाए (वीडियो)
कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने प्रसिद्ध न्यूज़ चैनल इंडिया टीवी के चैयरमेन एवं एडिटर इन चीफ रजत शर्मा पर बड़ा आरोप लगाया है। रागिनी ने दावा किया है कि रजत शर्मा ने उन्हें टीवी पर ऑन एयर रहते भद्दी गाली दी। वहीं चैनल ने कहा- यह पूरी तरह झूठ है। ऐसा कुछ नहीं हुआ। चैनल की ओर से मानहानि केस की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।
एनसीआई@नई दिल्ली
कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने प्रसिद्ध न्यूज़ चैनल इंडिया टीवी के अध्यक्ष एवं एडिटर इन चीफ रजत शर्मा पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। रागिनी ने दावा किया है कि रजत शर्मा ने उन्हें टीवी पर ऑन एयर रहते हुए भद्दी गाली दी। रागिनी ने मंगलवार को पहले सोशल मीडिया पर एक क्लिप जारी करके यह आरोप लगाया, फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके भी यह बात दोहराई। पत्रकारों के सामने अपने आरोप दोहराते हुए रागिनी रोने लगीं। वहीं इंडिया टीवी चैनल ने आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए उनके खिलाफ मानहानि की कार्यवाही शुरू कर दी है।
रागिनी नायक ने मंगलवार को सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दो वीडियो क्लिप अपलोड करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें इंडिया टीवी चैनल पर गाली दी गई। रागिनी ने लिखा, ‘पहला वीडियो ‘X’ पर मेरे संज्ञान में लाया गया। इसमें रजत शर्मा ऑन एयर मुझे एक भद्दी गाली देते हुए दिख रहे हैं। मैंने फेक्ट चेक किया। चैनल से इसी वीडियो का रॉ फुटेज निकाला। पत्रकारिता का इससे गिरा हुआ स्तर क्या होगा ? कोई जवाब है आपके पास रजत शर्मा?’
रागिनी नायक की ओर से वायरल किया गया वह वीडियो, जिसमें रजत शर्मा के मुंह फेरने के दौरान उनके मुंह से गाली निकलने का दावा किया गया है, यह अलग बात है कि ऐसा कोई शब्द सुनाई नहीं दे रहा है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी नायक के आरोपों को शेयर करते हुए रजत शर्मा से माफी की मांग की। उन्होंने लिखा, ‘रजत शर्मा एक प्रसिद्ध मीडिया व्यक्तित्व हैं। उनके अपने राजनीतिक झुकाव हैं, लेकिन कांग्रेस की एक प्रमुख प्रवक्ता, जो एक महिला हैं, के लिए इस तरह की अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना पूरी तरह से अस्वीकार्य है। इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। इस मामले में बिना शर्त सार्वजनिक माफी की तत्काल आवश्यकता है।’
पीसी में रोने लगीं रागिनी नायक
शाम को कांग्रेस दफ्तर में रागिनी नायक ने आरोपों को दोहराया और ऐसा करते हुए वह रोने लगीं। रागिनी ने कहा, ‘मेरे मां-बाप, मेरे बूढ़े सास-ससुर, मेरे बच्चे सब लोग वीडियो देख रहे थे। कांग्रेस के लाखों- करोड़ों लोग, देश की जनता वह वीडियो देख रही थी। आपने मुझे गाली दी। सिर्फ इसलिए कि मैं ईमानदारी से अपनी पार्टी का काम कर रही हूं। सिर्फ गाली नहीं दी, आपने मुझे सुबह धमकाना शुरू कर दिया। कहना शुरू किया कि अगर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया तो मानहानि का केस करेंगे। मतलब आप चोरी करें और फिर सीना जोरी करें। आपको लगता है कि हम डर जाएंगे। आपको लगता है कि कुछ भी करेंगे और बचकर निकल जाएंगे, क्योंकि मोदी जी का हाथ आपके सिर पर है।’
आरोप पूरी तरह झूठ, हम लीगल एक्शन लेंगे: चैनल
रजत शर्मा पर लगाए गए आरोपों पर चैनल की ओर से बयान जारी किया गया। चैनल की लीगल हेड रितिका तलवार की ओर से कहा गया कि जो आरोप लगाए गए हैं, वे पूरी तरह झूठ हैं और अपमानजनक हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कानूनी सलाह ली जा रही है। चैनल की ओर से यह भी कहा गया कि उन्हें पता चला है कि वह (रागिनी) प्रेस कॉन्फ्रेंस करके फिर से झूठे आरोप लगाने जा रही हैं, ऐसा ना किया जाए, नहीं तो लीगल एक्शन लिया जाएगा।
वहीं, रजत शर्मा ने इस मामले के सामने आने पर रागिनी नायक द्वारा वायरल किए गए टीवी प्रोग्राम के वीडियो के हिस्से रात 9 के अपने प्रोग्राम ‘आज की बात’ में दिखाए। साथ ही कहा कि इनमें उन्होंने कहीं भी गाली नहीं दी है। यह मामला अब अपनी लीगल टीम को सौंप दिया गया है।
यह है मामला
सामने आया है कि 4 जून को लोकसभा चुनाव की मतगणना के दौरान का यह मामला है। इस मामले में आठवें दिन जाकर रागिनी नायक को यह लगा कि रजत शर्मा ने उस दिन उन्हें गाली दी थी। इसके अलावा इन वीडियो में कहीं से भी रजत शर्मा कोई अभद्र शब्द बोलते सुनाई नहीं दे रहे हैं।
