आरपीएससी भर्ती परीक्षा में बड़ा बदलाव, परीक्षा से लेकर साक्षात्कार तक अभ्यर्थी पर रहेगी नजर, और जानें क्या होंगे नए नियम
एनसीआई@अजमेर
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से डमी और अयोग्य केंडिडेट को परीक्षाओं में बैठने से रोकने के लिए बड़े बदलाव कर दिए गए हैं। इससे अब आरपीएससी की भर्ती परीक्षा में फॉर्म भरने से पहले केंडिडेट को अपना आधार कार्ड अपडेट करना होगा।
दरअसल, आधार कार्ड तीन साल पुराना है तो वह फॉर्म के काम नहीं आ पाएगा। आधार कार्ड को इसके काबिल बनाने के लिए उसे नए फोटो के साथ अपडेट करना होगा। इसके अलावा फॉर्म भरने से लेकर इंटरव्यू तक केंडिडेट को एक ही फोटो काम में लेनी होगी। इस फोटो पर तारीख लिखी होना भी जरूरी होगा।
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि आने वाली सभी भर्तियों में ये नियम लागू किए जाएंगे। हाल ही में आयोग की ओर से विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की जांच में डमी केंडिडेट के कई प्रकरण सामने आए। ऐसे में इसे रोकने के लिए नियमों में बदलाव किए गए हैं।
हर जगह डेट लिखी हुई एक ही फोटो होगी
अभी तक आवेदन फॉर्म में केंडिडेट कोई सा भी फोटो लगा देते थे। आवेदन फॉर्म, परीक्षा सेंटर, पात्रता जांच, विस्तृत आवेदन फाॅर्म और इंटरव्यू में केंडिडेट अलग-अलग फोटो का उपयोग कर लेते थे।
मगर अब ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में लेटेस्ट फोटो और साफ होगी। इसमें तारीख होना अनिवार्य होगा। यही फोटो एग्जाम सेंटर, पात्रता जांच, डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू में देनी होगी। इसके अलावा दूसरे फोटो नहीं चलेंगे।
अंगूठा निशानी स्केन कर अपलोड करनी होगी
अभी तक ऑनलाइन आवेदन के समय अभ्यर्थी को खुद के साइन के साथ अब बाएं हाथ के अंगूठे के निशान को स्केन कर अपलोड करना होगा। एग्जाम में बैठने से पहले भी दोबारा इसे स्केन किया जाएगा। यदि इसमें कोई बदलाव मिलता है तो एक्शन लिया जाएगा।
अनुभव प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा
अभी तक अनुभव प्रमाण-पत्र सिलेक्शन होने पर, काउंसिलिंग और पात्रता जांच के समय मांगा जाता था। मगर अब हुए बदलाव के चलते भर्ती विज्ञापन के दौरान एक्सपीरिएंस सर्टिफिकेट का फॉर्मेट जारी किया जाएगा। इसी फॉर्मेट में अपना अनुभव प्रमाण-पत्र ऑनलाइन फॉर्म भरते समय अपलोड करना होगा। यदि इसे अपलोड नहीं किया तो फाॅर्म सबमिट नहीं होगा।
आधार कार्ड की फोटो भी होगी अपडेट
अभी तक आधार कार्ड में पुरानी लगी फोटो ही मान्य थी। मगर अब से आधार कार्ड में लगी हुई फोटो 3 साल या इससे ज्यादा पुरानी है तो ऑनलाइन आवेदन करने से पहले नई फोटो के साथ इसे अपडेट कराना होगा। एग्जाम के समय प्रवेश-पत्र में प्रिंट फोटो का मिलान आधार कार्ड में लगी हुई फोटो से किया जाएगा।
साथ ही ऑनलाइन आवेदन-पत्र भरने से पूर्व अभ्यर्थी को अपने आधार कार्ड में दर्ज पर्सनल डिटेल को भी देखना होगा। क्योंकि वन टाइम रजिस्ट्रेशन में ये ही सारी जानकारी अपडेट होगी।
