डीजे गाड़ी से नीचे गिरा बालक, ऊपर गिर गए भारी भरकम स्पीकर, दब जाने से हो गई मौत
एनसीआई@कोटा
कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में सत्यनारायण मंदिर के पास शुक्रवार सुबह हुए बड़े हादसे में एक 11 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। कुछ मिनट पहले घर से हंसी-खुशी से निकले इस बच्चे के साथ हुए इस हादसे की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली, वहां हाहाकार मच गया। वे अपना होशो-हवास खो बैठे। वह समझ ही नहीं पा रहे थे कि इस खबर पर विश्वास कैसे करें।
जानकारी के अनुसार चौथी कक्षा में पढ़ने वाला नैतिक पुत्र अनिल गर्मी की छुट्टियों के कारण घर पर ही था। इनके पड़ोस में डीजे का काम करने वाला प्रद्युम्न उर्फ गाेली नामक व्यक्ति रहता है। नैतिक के चाचा त्रिलोक के अनुसार गोली ने आज कहीं डीजे लगाने का कॉन्ट्रेक्ट ले रखा था। उसने नैतिक को भी 100-50 रुपए देने की बात कह कर साथ चलने को कहा। इस पर नैतिक साथ चलने को तैयार हो गया। इसके बाद गोली ने नैतिक को डीजे गाड़ी के ऊपर वहां बैठा दिया, जहां स्पीकर रखे हुए थे। मगर स्पीकरों को बांधा हुआ नहीं था। जैसे ही डीजे गाड़ी गली से बाहर निकलने लगी तो वह किसी दूसरी गाड़ी से टकरा गई। इससे गाड़ी में स्पीकर के ऊपर बैठे हुए नैतिक का बैलेंस बिगड़ा और एक मकान की दीवार पर लगी एंगल से उसका सिर टकराते हुए वह नीचे जा गिरा। गाड़ी में रखे हुए स्पीकर बंधे हुए नहीं थे, इसलिए वे भी नैतिक के ऊपर गिर गए। इन भारी भरकम स्पीकरों के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने यह बताया
कैथूनीपोल थानाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि इस हादसे में नैतिक का सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। इस हादसे के बाद डीजे गाड़ी का ड्राइवर तो मौके से फरार हो गया था। मोहल्ले के लोगों ने ही उसे बाहर निकाल एमबी अस्पताल पहुंचाया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। नैतिक चार भाई-बहनों में तीसरे नम्बर का भाई था। उसके पिता अनिल सांख्यिकी विभाग, बारां में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। पीड़ित परिजनों ने डीजे संचालक गोली के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है।
