नीट पेपर लीक मामले में अब एमबीबीएस की एक छात्रा भी गिरफ्तार
केन्द्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने रांची से एमबीबीएस की एक छात्रा को गिरफ्तार किया है। सीबीआई को शक है कि छात्रा सॉल्वर गैंग से जुड़ी हो सकती है।
एमसीआई@रांची(झारखंड)
नीट पेपर लीक मामले की जांच कर रही केन्द्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने शुक्रवार को रांची से एमबीबीएस की एक छात्रा को भी गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई को शक है कि यह छात्रा सॉल्वर गैंग से जुड़ी हुई है।
रिम्स से गिरफ्तार इस छात्रा सुरभि कुमारी का मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट सीबीआई ने सील कर दिए हैं। वहीं, हॉस्टल के कमरे में उसके साथ रहने वाली तीन छात्राओं को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे उसके सामानों को हाथ न लगाएं। मेडिकल की छात्रा सुरभि एमबीबीएस 2023 बैच के सेकंड ईयर में पढ़ती है। वह रामगढ़ की रहनेवाली है।
कुछ अन्य स्टूडेंट्स भी सीबीआई के रडार पर
इधर, रिम्स की मेडिकल छात्रा का नीट पेपर लीक में मामले में गिरफ्तारी से कॉलेज में हड़कम्प मचा हुआ है। चर्चा है कि सीबीआई के रडार में कुछ और स्टूडेंट्स भी हैं। लिहाजा झारखंड राज्य का सबसे बड़ा मेडिकल संस्थान अभी देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। इधर, जांच एजेंसी की कोशिश मास्टर माइंड संजीव मुखिया तक पहुंचने की है।
पूछताछ के लिए बुधवार को पहुंची थी सीबीआई
सीबीआई की टीम छात्रा सुरभि कुमारी से पूछताछ के लिए बुधवार शाम को रिम्स के हॉस्टल नम्बर-3 में पहुंची थी। देर शाम तक पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर हॉस्टल में ही रखा था। गुरुवार सुबह उसे दोबारा पूछताछ के लिए रांची स्थित सीबीआई दफ्तर में बुलाया गया। यहां लम्बी पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। परिजनों की अनुपस्थिति में बुधवार और गुरुवार को छात्रा से पूछताछ के दौरान डीन स्टूडेंट वेलफेयर और हॉस्टल वार्डन को छात्रा के बारे में जानकारी के लिए बुलाया गया था।
इससे पहले 4 एमबीबीएस स्टूडेंट्स हुए गिरफ्तार
इससे पहले बीते बुधवार-गुरुवार को सीबीआई ने बिहार के पटना एम्स के चार मेडिकल स्टूडेंट को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सीबीआई ने ही एक और आरोपी सुरेन्द्र कुमार को भी गिरफ्तार किया। सुरेन्द्र को पटना एम्स मेडिकल स्टूडेंट्स और पेपर लीक माफिया के बीच की कड़ी माना जा रहा है। गिरफ्तार किए गए पटना एम्स के छात्रों से पूछताछ के बाद सीबीआई सुरेन्द्र तक पहुंची थी।
गिरफ्तार किए गए 4 एमबीबीएस स्टूडेंट्स करन जैन, कुमार शानू, राहुल आनंद और चन्दन सिंह हैं। इन चारों स्टूडेंट्स पर पेपर सॉल्व करने का आरोप है। पंकज उर्फ आदित्य ने इन चारों छात्रों को पेपर सॉल्व करने के लिए दिए थे। गिरफ्तार मेडिकल छात्रों में से तीन 2021 बैच थर्ड ईयर के स्टूडेंट्स हैं तो वहीं एक छात्र सेकंड ईयर का स्टूडेंट है। हाल ही में पटना से पंकज उर्फ आदित्य गिरफ्तार हुआ था, उसने चोरी करने के बाद पेपर इन चारों एमबीबीएस के छात्रों को सॉल्व करने के लिए दिया था।
इन छात्रों के भी मोबाइल फोन और लेपटॉप को जप्त कर लिया गया था। साथ ही इनके रूम में भी सीबीआई ने जांच की थी। इससे पहले ही सीबीआई ने पटना से पंकज उर्फ आदित्य और राजू को गिरफ्तार कर लिया था। पंकज ने ही हजारीबाग में ट्रंक से पेपर चुराए थे और राजू ने इस पेपर चोरी में उसकी मदद की थी।
