शिक्षक ने तीसरी कक्षा के बच्चे को थप्पड़ मारा, कान से खून निकल आया, परिजन पहुंच गए स्कूल, दोनों पक्षों में हुआ झगड़ा, बच्चे के परिजन हो गए घायल, एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज
एनसीआई@अलवर
जिले के मालाखेड़ा के नैथना गांव में स्थित निजी स्कूल के एक शिक्षक ने तीसरी कक्षा बच्चे को जोर से थप्पड़ मार दिया। इससे उसके कान से खून बहने लगा। बच्चे ने घर जाकर यह बात बताई। इस पर उसके परिजनों ने स्कूल में जाकर शिकायत की। इस पर परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने उन्हें मारपीट सहित जान से मार देने की धमकी दी। वहीं, बच्चे का अलवर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं उत्तम माध्यमिक स्कूल के प्रिंसिपल का कहना है कि बच्चे को केवल डांटा था।
इधर, बच्चे के चचेरे भाई विनोद गुर्जर, निवासी गंडराला ने बताया, 25 जुलाई को स्कूल के शिक्षक संजय कश्यप ने बच्चे को मार्कर में स्याही भर कर नहीं लाने के कारण मारा। इससे उसके कान से खून आ गया। शिक्षक ने बच्चे को इसके बावजूद भी धमकाकर स्कूल में ही बैठाए रखा।

स्कूल की छुट्टी के बाद घर पहुंचा बच्चा
छुट्टी के बाद बच्चा रोता हुआ घर पहुंचा। उसने मां को अपनी पिटाई की बात बताई। इस पर मां ने शिक्षक को फोन किया तो उसने उलटा अपशब्द कहे। इसके अगले दिन 26 जुलाई को परिवारजन तारेश, पुष्पेन्द्र, लव कुश और विनोद स्कूल में शिकायत करने प्रिंसिपल हेतराम के पास पहुंचे। मगर उन्होंने भी बदसलूकी की।
बच्चे की पिटाई करने वाले शिक्षक संजय ने तो विनोद को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद स्कूल में पहले से बैठे हुए 5 से 6 जनों ने सभी परिवारजनों से मारपीट शुरू कर दी। इससे पुष्पेन्द्र और लव कुश को चोटें आईं। परिजनों ने इस बात की शिकायत पुलिस को की है।
प्रिंसिपल ने कहा- बच्चे को केवल डांटा था
स्कूल के प्रिंसिपल हेतराम ने कहा-बच्चे को केवल डांटा था, पिटाई नहीं की थी। इसी बात पर उसके परिजन आए और शिक्षक से झगड़ने लगे। उसे बाहर निकलते ही पीटने की धमकी देकर गए। डर के कारण शिक्षक भी अपने परिजनों काे बुलाया। इस पर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ।
दोनों पक्षों ने मारपीट की रिपोर्ट दी
मालाखेड़ा थाना प्रभारी श्यामलाल के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।
