April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: 450 रुपए में गैस सिलेंडर मिलने वालों का दायरा बढ़ा, अब हर साल विधायकों के वेतन-भत्ते बढ़ेंगे, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती शुरू होगी, मुख्यमंत्री ने की और भी कई बड़ी घोषणाएं

राजस्थान: 450 रुपए में गैस सिलेंडर मिलने वालों का दायरा बढ़ा, अब हर साल विधायकों के वेतन-भत्ते बढ़ेंगे, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती शुरू होगी, मुख्यमंत्री ने की और भी कई बड़ी घोषणाएं

एनसीआई@जयपुर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को विधानसभा में प्रदेशवासियों को राहत देने वाली कई बड़ी घोषणाएं कीं।‌ इनमें खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आने वाले परिवारों को भी 450 रुपए में सिलेंडर दिए जाने की घोषणा प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही विधायकों व पूर्व विधायकों के वेतन-भत्ते और पेंशन हर साल अपने आप बढ़ेंगे। इसी‌ के साथ 10 जुलाई को पेश हुआ राजस्थान का बजट आज सोमवार को विधानसभा में पास हो गया।

• इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चतुर्थ श्रेणी की भर्ती का इंतजार कर रहे बेरोजगारों को भी बड़ी राहत देने वाली जानकारी दी। लम्बे समय से अटकी हुई यह भर्ती सरकार नए नियमों के साथ फिर से शुरू करेगी।

• अब कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) में 40 फीसदी अंक लाने वाले अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे। यह भर्ती परीक्षा सरकारी सेवाओं के लिए होती है। इसमें एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 35 प्रतिशत अंक लाने होंगे।

• 70 से 75 साल के बुजुर्गों को पेंशन में 5 प्रतिशत अधिक भत्ता दिया जाएगा।

सस्ते सिलेंडर के लिए बढ़ाया दायरा

अब राशन का गेहूं पाने वाले परिवारों को यानी नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत आने वाले परिवारों को भी 450 रुपए में सिलेंडर मिलेगा। सीएम ने कहा- हम 450 रुपए में गैस सिलेंडर पाने वालों का दायरा बढ़ा रहे हैं। पहले उज्ज्वला योजना और बीपीएल परिवारों को ही 450 रुपए में सिलेंडर मिलता था। अब राशन का गेहूं लेने वाले परिवारों तक इस योजना को पहुंचाएंगे।

विधायकों का वेतन बढ़ाने के लिए बिल नहीं लाना पड़ेगा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि विधायकों और पूर्व विधायकों के वेतन-भत्ते और पेंशन हर साल अपने आप बढ़ जाएंगे। इन्हें बढ़ाने के लिए अब हर बार बिल नहीं लाना होगा। विधायकों के लिए विधानसभा के सामने बने फ्लेट्स पर रूफ टॉप सोलर प्लांट भी लगाया जाएगा।

उपचुनाव के लिए बिछाई बिसात

आगामी महीनों में जिन 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें से 4 विधानसभा सीटों के लिए सरकार ने खजाना खोल दिया है।

•  दौसा विधानसभा क्षेत्र में 24 करोड़ रुपए से सड़क निर्माण, सीवरेज के लिए 50 करोड़ और नीलकंठ महादेव मंदिर पर रोप-वे बनाने की घोषणा की गई है। रोप-वे बनाने की मांग किरोड़ीलाल मीणा ने भी की थी।

•  देवली-उनियारा में 19 करोड़ रुपए सड़क और पानी के लिए 26 करोड़ रुपए दिए। इसके साथ ही अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय बनाने की घोषणा भी की।

•  खींवसर में 18 करोड़ रुपए सड़क के लिए दिए हैं। एक खेल स्टेडियम और 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन की भी घोषणा की गई है।

•  झुंझुनूं में 18 करोड़ रुपए सड़क के लिए दिए गए हैं। वहीं, उद्योगपतियों के लिए एक लैब बनाई जाएगी।

•  वहीं, मुख्यमंत्री ने चौरासी विधानसभा सीट के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं की है। बांसवाड़ा जिले की इस सीट पर भारत आदिवासी पार्टी (BAP) का अच्छा-खासा प्रभाव है।

जूली का कॉम्पिटिशन डोटासराजी से

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा कि आपका कॉम्पिटिशन रोहित बोहरा से नहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासराजी से है। पीएम मोदी पर योजना का नाम रखने को लेकर जूली की आपत्ति को लेकर उन्होंने कहा कि एक परिवार के नाम पर कितनी योजनाओं के नाम रखोगे।

राष्ट्रपति या वसुंधरा राजे के नाम पर हो ERCP का नाम: जूली

इससे पहले, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सदन में ईआरसीपी का नाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम से रखने का प्रस्ताव रखा। जूली ने कहा कि सत्ता पक्ष के सदस्यों ने मांग की थी कि ईआरसीपी का नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर रखा जाए, लेकिन ईआरसीपी का अधिकतर क्षेत्र आदिवासी और दलित लोगों का है।

जूली ने कहा कि ईआरसीपी का नाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम से होना चाहिए। वहीं दूसरा सुझाव है कि वसुंधरा राजे ईआरसीपी की योजना लेकर आई थीं। ऐसे में उनके नाम पर भी रख सकते हैं, लेकिन ऐसा आप करेंगे नहीं।

अपडेट

राज्य स्तर पर स्थापित होगा अभय कमांड सेंटर
जिलों की तर्ज पर अब प्रदेश स्तरीय अभय कमांड सेंटर की स्थापना होगी। यह अभय कमांड सेंटर 100 सीटर का होगा। इससे प्रदेश में अपराध एवं कानून व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। अभय कमांड सेंटर को 500 अतिरिक्त सेंट्रल मोबाइल दल उपलब्ध होंगे।

वकीलों के लिए साढ़े 7 करोड़ की सहायता

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के वकीलों की सहायता के लिए बार काउंसिल ऑफ राजस्थान को 7.50 करोड़ रुपए की सहायता की घोषणा की है।

एम्स की तर्ज पर रीम्स बनेगा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि एम्स की तर्ज पर राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेंज (रिम्स) स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 750 करोड़ का बजट दिया जाएगा।

अब 40 फीसदी वाले दे सकेंगे सीईटी

सरकारी सेवाओं के लिए होने वाले कॉमन एंट्रेंस टेस्ट(सीईटी) में अब अंक सीमा घटाकर 40 प्रतिशत कर दी गई है। इस प्रकार अब 40 फीसदी अंक वाले भी सीईटी दे सकेंगे।

बजट में सीएम ने की शहरों के लिए भी कई घोषणाएं

• बालोतरा और पाली में पानी के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी। 540 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल के काम होंगे।

•जयपुर में द्रव्यवती नदी के विकास के काम को आगे बढ़ाया जाएगा।

• जैसलमेर के पोकरण में 1000 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट के लिए एमओयू होगा। • आसींद क्षेत्र में शिकार पर प्रतिबंध लगाते हुए इसे आखेट निषेध क्षेत्र घोषित किया जाएगा।

• पाली, बाली, खींवसर, नागौर, लोहावट में खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

• एनसीसी कैडेट्स को विभिन्न प्रकार के गेम्स के दौरान मैस भत्ता 150 रुपए से बढ़ाकर 220 रुपए प्रतिदिन किए जाना प्रस्तावित।

• डीडवाना, भाड़ोती में नई कृषि मंडी खोली जाएगी।

• जयपुर और अजमेर के राजस्व मंडल के दफ्तरों का एकीकरण होगा।

• तिजारा, खेरथल में बॉर्डर होमगार्ड की कम्पनी तैनात होगी।

सुदर्शन चक्र वाला जब आएगा तो बड़े-बड़े मगरमच्छों का भी इलाज होगा

पेपर लीक पर सीएम ने कहा- नेता प्रतिपक्ष ने भी कहा है कि अभी छोटी-छोटी मछलियां पकड़ी हैं, बड़े मगरमच्छ तो अभी बाहर हैं। ये बिल्कुल चिंता न करें, छोटी मछलियों के लिए इनका जाल छोटा पड़ गया था, लेकिन मैं बृज भूमि से आता हूं। मेरी सुदर्शन चक्रधारी बंसीवाले में अटूट आस्था है। आपको पता है, इनका जाल जरूर छोटा पड़ गया होगा, परंतु उसके सुदर्शन चक्र से कोई नहीं बच पाएगा। सुदर्शन चक्र वाला जब आएगा तो बड़े-बड़े मगरमच्छों का भी इलाज होगा।

40 साल से झुंझुनूं के लिए पानी की चिट्ठी लिखी हो ताे बता दीजिए, ​​हम पानी पिलाएंगे 

सीएम ने तंज कसते हुए कहा- श्रवण कुमार 44 साल से सदन में आ रहे हैं। ये सीनियर हैं, दर्द जाहिर कर रहे थे। मैं उनके दर्द को समझता हूं। 44 साल में एक भी कांग्रेस नेता ने पानी के लिए लेटर लिखा हो तो बता दीजिए। केन्द्र सरकार को लिखा हो तो बता दीजिए। झुंझुनूं को पानी हम पिलाएंगे।

ईआरसीपी लाई तो हमारी सरकार लाई। हमारी वसुंधरा राजे सरकार के समय बनी। आपने ईआरसीपी के लिए क्या किया, यह बता दीजिए। ईआरसीपी पर एमओयू हमने किया। कांग्रेस ने एमओयू किया हो तो सदन में रख दीजिए। कांग्रेस वाले हमेशा भ्रम फैलाते हैं।

सीएम ने कविता से कांग्रेस और डोटासरा पर तंज कसा। उन्होंने कहा-

• पेपर लीक इतने हुए, कितने करूं बखान, पास हुए परिवारजन, क्या-क्या करूं बयान।

• खूब करी मेहमान नवाजी अपनी सरकार बचाने को, जनता का पैसा लुटवाया अपना राज बचाने को।

• अपने स्वार्थ की खातिर अपनों को ही दी गाली, केवल अपना ध्यान रखा, सिर्फ भरी रहे मेरी थाली।

कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार, कहा-अपनी नाकामियों का ठीकरा केन्द्र पर फोड़ा 

सीएम ने कहा कि डिवीजिव पूल से राजस्थान को ढाई लाख करोड़ से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों का ठीकरा केन्द्र के सिर फोड़ती रही। गलतियां निकालना ठीक है, लेकिन कांग्रेस अभी सुधरने का नाम नहीं ले रही। सरकार पहले भी एनडीए और मोदीजी की थी और आज भी एनडीए की है, फिर भी कांग्रेस वाले खुश हो रहे हैं।

संविधान की बात करने वाले आपातकाल के दिनों को भी याद करें

सीएम ने कहा कि कांग्रेस के लोग संविधान की बात ज्यादा करते हैं, लेकिन आपातकाल के काले दिनों को भी याद कर लीजिए। इसीलिए 25 जून को संविधान हत्या दिवस घोषित किया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को पता लगे कि किस तरह संविधान की हत्या की गई थी। संविधान हत्या दिवस का जिक्र करने पर कांग्रेस विधायकों ने आपत्ति की और कुछ देर के लिए सदन में शोर-शराबा हुआ।

500 रुपए के सिलेंडर से वाहवाही लूटी, उसका पैसा उज्ज्वला योजना से आ रहा था

सीएम ने कहा- हमारे विपक्ष के नेता प्रधानमंत्री का उपहास उड़ाते हैं। पीएम मोदी ने देश के विकास में नई दिशा देने वाले फैसले किए हैं। कांग्रेस सरकार ने 500 रुपए के सिलेंडर से वाहवाही लूटी, उसका पैसा उज्ज्वला योजना से आ रहा था। पीएम के नेतृत्व में आज भारत की अर्थव्यवस्था पांचवीं रैंक पर पहुंच गई है, जल्द ही हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होंगे।

कांग्रेस सरकार ने केवल थोथी घोषणाएं कीं, थोथा चना, बाजे घणा

सीएम ने कहा- पिछली सरकार ने केवल थोथी घोषणाएं कीं। कहते थे कि आप मांगते-मांगते थक जाओगे, मैं देते-देते नहीं थकूंगा। पशुधन स्वास्थ्य बीमा की घोषणा की, लेकिन एक भी पशु का बीमा नहीं किया। राजसमंद-जालोर जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की थी, वहां बने क्या? डे केयर सेंटर खोलने की घोषणा की थी, कितने बने?

सीएम ने कहा- इंदिरा गांधी के बचपन का नाम प्रियदर्शनी था, महिलाओं की योजना का नाम कहां से ढूंढकर लाए। ​एक परिवार के प्रति ऐसा समर्पण कहीं देखने को नहीं मिलेगा। सीएम ने कहा- कांग्रेस राज की घोषणाएं खूब हुईं, लेकिन कुछ नहीं किया। 1000 बसों की घोषणा की, वे आ गईं क्या? कांग्रेस सरकार पर एक कहावत लागू होती है थोथा चना, बाजे घणा।

एक परिवार के नाम से कितनी योजनाओं के नाम रखोगे

सीएम ने कहा- राजस्थान की नहर परियोजना का नाम पहले राजस्थान नहर था, लेकिन 1984 में इस नहर का नाम बदलकर इंदिरा गांधी के नाम कर दिया। कांग्रेस के लोग योजनाओं के नाम बदलने की चर्चा कर रहे थे। अन्नपूर्णा रसोई का नाम इंदिरा गांधी के नाम कर दिया। अरे भाई, एक परिवार के नाम पर ही कितनी योजनाओं के नाम करोगे? मां अन्नपूर्णा के नाम से क्या दिक्कत थी। कांग्रेस में एक ही परिवार की भक्ति की परम्परा है।

सीएम ने रॉबर्ट वाड्रा पर भी नाम लिए बिना हमला बोला। उन्होंने कहा- नेता प्रतिपक्ष ने अभी नेहरूजी का जिक्र किया, उन्होंने आगे भी सबके नाम लिए। वो नाम नहीं लिए होते तो दामादजी का नाम कैसे आता। दामादजी का राजस्थान से क्या रिश्ता है, सब जानते हैं।

विपक्ष के कुछ विधायकों ने खुले मन से बजट की तारीफ की

सीएम ने कहा- देश के पीएम ने कहा था कि देश में चार जातियां हैं। युवा, महिला, किसान और गरीब। यह बजट इन चारों को आगे ले जाने वाला है। बजट को लेकर सदन में काफी कुछ कहा गया। यह बजट चहुंमुखी विकास करने वाला है। इन लोगों को तकलीफ इस बात से है कि विपक्ष के कुछ विधायकों ने भी खुले मन से तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.