राजस्थान: एसी वाले घर के मालिक को लगाने होंगे 5 पौधे, बाइक, कार, ट्रक-बस मालिक को भी सरकार ने दिए लक्ष्य, हरियाली तीज से शुरू होने वाले पौधरोपण अभियान का आमजन भी रहेंगे हिस्सा
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान सरकार 7 अगस्त को हरियाली तीज के अवसर पर प्रदेशभर में पौधरोपण अभियान की शुरुआत करेगी। इसके तहत एक करोड़ से ज्यादा पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें आम लोगों को भी पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में इस अभियान के सम्बन्ध में जानकारी दी।

इसके अनुसार, इस अभियान में बाइक चलाने वाले को 5 पौधे लगाने होंगे। वहीं, कार मालिक को 10 पौधे तथा ट्रक-बस मालिक को 20 पौधे लगाने होंगे। घर में एसी होने पर 50 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बताया- हम लोगों को डंडे के बल से पौधरोपण करने के लिए नहीं कह सकते हैं। हम उनसे आग्रह कर रहे हैं कि वे पौधरोपण करें।
दिलावर ने कहा-इन गर्मियों के सीजन में राजस्थान के कुछ शहर दुनिया में सबसे ज्यादा गर्म थे। बढ़ती गर्मी को रोकने और आम जनता की जान बचाने के लिए हरियाली तीज के मौके पर सघन पौधरोपण अभियान की शुरुआत की जा रही है। इसमें शासन और प्रशासन जनता के साथ मिलकर राजस्थान को हरा-भरा और खुशहाल बनाने के लिए काम करेगा। इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान के सभागार में शिक्षा मंत्री ने मीडिया से भी बात की।

37 करोड़ रुपए का बजट जारी किया
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- पौधरोपण के लिए 37 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट शिक्षा विभाग को जारी किया गया है। इसके तहत प्राइमरी स्कूल को 15 हजार, मिडिल स्कूल को 35 हजार और सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए 55 हजार रुपए देने का प्रावधान रखा गया है। इससे पौधरोपण के दौरान शिक्षकों को किसी तरह के साधन- संसाधन की कमी नहीं रहेगी
स्टूडेंट से लेकर टीचर्स तक को लगाने होंगे पौधे
दिलावर ने कहा- शिक्षा विभाग की ओर से पौधरोपण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कक्षा एक से 12वीं तक के स्टूडेंट्स को भी लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक स्टूडेंट को उनके परिवार में जितने सदस्य हैं, उतने पौधे लगाने हैं। इसके साथ शिक्षकों को भी पौधे लगाना अनिवार्य होगा। पौधरोपण के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को पौधों की फोटो जियो टेगिंग के साथ एप पर अपलोड करनी होगी। सभी पौधों की ऑनलाइन एप के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी।
वाहन से लेकर फेक्ट्री मालिक को भी लगाने होंगे पौधे
दिलावर ने कहा-पौधरोपण कार्यक्रम से विभिन्न वर्गों को जोड़ने का लक्ष्य भी दिया गया है। इसके तहत बाइक, कार, ट्रेक्टर, ट्रक और बस मालिक को भी पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। किसानों को खातेदारी की जमीन पर पौधे लगाने होंगे। इसके साथ ही औद्योगिक इकाई में जितने कर्मचारी काम करते हैं। उन्हें कर्मचारियों की संख्या के हिसाब से पौधे वहां लगाने होंगे।
200 पौधों की देखभाल करेगा मनरेगा मजदूर
दिलावर ने कहा- पौधों की देखभाल के लिए भी सरकार की ओर से व्यवस्था की गई है। इसके लिए ग्रामीण स्तर पर 200 पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी मनरेगा कर्मचारियों को दी जाएगी। वह पौधों की देखभाल के साथ उनमें पानी डालने का काम भी करेगा। वहीं शहरी क्षेत्र में ये जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है। इसके लिए कंट्रोल रूम भी शुरू होगा।
मुख्यमंत्री दूदू में करेंगे पौधरोपण
हरियाली तीज पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दूदू के गाडोता में स्थित एसडीआरएफ परिसर में राज्य स्तरीय वन महोत्सव की शुरुआत करेंगे। इस दिन प्रदेशभर में एक करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के साथ ही सभी जिलों के प्रभारी मंत्री उन जिले में पौधरोपण करेंगे। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में जिला स्तर पर अलग-अलग पौधरोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा।
स्कूल, सरकारी ऑफिस या सरकारी जमीन पर लगा सकते हैं पौधे
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- पौधरोपण सभी सरकारी कार्यालय, खेल मैदान, सरकारी स्कूल, निजी स्कूल, चारागाह भूमि, सरकारी भूमि, निजी खातेदारी भूमि, सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों पर किया जा सकता है। इसके लिए जनता खुद भी पौधे खरीद कर वहां पौधरोपण कर सकती है। जो लोग पौधे खरीदने में सक्षम नहीं है। वह स्थानीय निकाय और जिला प्रशासन से पौधे हासिल कर सकते हैं।
