July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

जेएनवीयू केम्पस में युवक को चार युवकों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, सरिए और पाइप से हाथ-सिर पर किए वार, गम्भीर घायल

जेएनवीयू केम्पस में युवक को चार युवकों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, सरिए और पाइप से हाथ-सिर पर किए वार, गम्भीर घायल

एनसीआई@जोधपुर

जोधपुर की जय नारायण व्यास यूनिवर्सिटी (JNVU) केम्पस में एक पूर्व छात्र को चार युवकों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पीड़ित युवक हॉस्टल के कमरे में सो रहा था। वहां चार युवक लोहे के पाइप और सरिए लेकर घुस गए। करीब 20 मिनट तक उसे पीटते रहे। पीड़ित युवक ने बाथरूम में घुस‌, दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई।

 

हॉस्टल में यह घटना सोमवार शाम 4 बजे ही है। घायल युवक को मरुधर केसरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसके पीठ, सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।

पूर्व छात्र का सात दिन पहले आरोपी युवकों से किसी बात पर विवाद हो गया था। इसके बाद ही उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। इसके दो वीडियो सामने आए हैं। पुलिस इन वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

आरोपी भी यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र

रातानाडा थानाधिकारी प्रदीप डागा ने बताया- शाम को मारपीट की सूचना मिली थी। घायल जेठू सिंह (35) जेएनवीयू का छात्र रह चुका है। हॉस्टल नम्बर-3 के नौ नम्बर हाॅल में ओम सिंह के गुट ने उसके साथ मारपीट की। देर शाम तक इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई थी। घायल युवक का इलाज जारी है। आरोपी युवक भी यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र हैं।

हॉस्टल के कमरे में सो रहा था

पुलिस के अनुसार, जेठू सिंह ने ओम सिंह को 7 दिन पहले किसी बात को लेकर डांटा था। इसके बाद सोमवार को जेठू सिंह राखी के त्योहार के चलते हॉस्टल में सोने आया था। इसी दौरान शाम 4 बजे ओम सिंह और उसके साथी कमरा नम्बर 9 में घुस आए। जेठू सिंह उस वक्त सो रहा था। इसी दौरान उस पर वार किया गया। इस पर वह बचने के लिए भागने लगा।

छोड़ देने की कर रहा था गुहार

इस घटनाक्रम के 2 वीडियो सामने आए हैं। इसमें 4 युवक एक अन्य युवक को सरिए और पाइप से पीटते नजर आ रहे हैं। पीड़ित बार-बार छोड़ देने की गुहार करता नजर आ रहा है।

इसके बाद वह भाग कर दूसरे कमरे में घुस जाता है और दरवाजा बंद करने का प्रयास करता है, लेकिन आरोपी लड़के लगातार पाइप से दरवाजे पर मारते हैं। इसके बाद उसका हाथ पकड़ लेते हैं। 7 से 8 बार हाथ पर पाइप से मारते हैं। घटना में युवक के सिर से खून बहता नजर आ रहा है।

रविन्द्र सिंह भाटी के लिए किया था प्रचार

बताया जा रहा है कि जेठू सिंह जेएनवीयू में छात्र नेताओं के लिए पॉलिटिकल केम्पेन तैयार करता था। वर्तमान शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी 2019 में जब जेएनवीयू का छात्रसंघ चुनाव लड़े थे, तब उनके लिए जेठू सिंह ने भी प्रचार किया था।

इसके अलावा जेएनवीयू के निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष अरविंद सिंह भाटी, पूर्व अध्यक्ष कुणाल सिंह भाटी, रविंद्र सिंह राणावत सहित कई छात्र नेताओं के लिए भी प्रचार-प्रसार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.