July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी: झाड़ू लगाते समय महिला को हाईटेंशन लाइन से करंट लगा, बेटा भी चिपक गया, भतीजा बचाने आया तो वह भी आ गया चपेट में, तीनों की मौत

बूंदी: झाड़ू लगाते समय महिला को हाईटेंशन लाइन से करंट लगा, बेटा भी चिपक गया, भतीजा बचाने आया तो वह भी आ गया चपेट में, तीनों की मौत

एनसीआई@बूंदी

शहर के नजदीकी रामनगर गांव में सोमवार सुबह 11 केवी हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ जाने से एक महिला, उसके पुत्र व भतीजे की मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में हाहाकार मच गया। जन्माष्टमी पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।

बूंदी डीएसपी अमर सिंह के अनुसार, कर्मा बाई (35) पत्नी शनिदेव सुबह दस बजे करीब छत पर झाड़ू लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ जाने से अचेत हो गई। महिला का 6 वर्षीय बेटा कार्तिक भी उस समय वहीं पर था। अपनी मां की हालत देखकर वह उसके पास पहुंचा तो उसे भी करंट आ गया। कार्तिक की चीख सुनकर कर्मा बाई का 15 वर्षीय भतीजा अक्षय‌ इन्हें बचाने के लिए दौड़कर ऊपर पहुंचा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई।

पिता भी हो गया घायल

वहीं, कुछ अनहोनी की आशंका होने पर अक्षय का पिता पवन भी अफरातफरी में तेजी से छत पर चढ़ने लगा, मगर सीढ़ी टूट जाने की वजह से वह नीचे गिरकर घायल हो गया। इस हादसे के पीछे विद्युत निगम की लापरवाही को जिम्मेदार माना जा रहा है। शवों को जिला चिकित्सालय में पहुंचाया गया।‌ यहां पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में ले गए।

विधायक ने की आर्थिक मदद की मांग

वहीं, इस मामले की सूचना मिलने पर मिलने पर बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा अस्पताल पहुंचे और परिजनों से हादसे की जानकारी ली। उन्होंने हादसे के लिए विद्युत निगम को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने के साथ पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग भी की।

सांसद बिरला ने दुख जताया, आर्थिक सहायता के निर्देश

इस बड़े हादसे की जानकारी मिलने पर सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दुख जताया है।‌ साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने के प्रशासन को निर्देश भी दिए हैं।

विद्युत निगम की लापरवाही जिम्मेदार

इस हादसे पर ग्रामीणों का कहना है कि छत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए कई बार विद्युत निगम को शिकायत की गई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

चार साल से पीहर में रह रही थी महिला

पता चला है कि कर्मा बाई की उसके पति से अनबन चल रही थी। इसलिए वह अपने बेटे के साथ चार साल से रामनगर स्थित पीहर में ही रह रही थी। वहीं, अक्षय भी अपने पिता का इकलौता बेटा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.