8 लाख रुपए रिश्वत लेते थानाधिकारी गिरफ्तार, परिवादी को एनडीपीएस के मामले में फंसाने की धमकी दी थी, दलाल के जरिए मांगी थी रिश्वत
एनसीआई@प्रतापगढ़
एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के अरनोद थानाधिकारी को 8 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। थाना अधिकारी ने परिवादी को एनडीपीएस एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत मांगी थी।
एसीबी के एएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि परिवादी ने 20 अगस्त को प्रतापगढ़ एसीबी में शिकायत दी थी कि अरनोद थाना अधिकारी सुरेन्द्र सोलंकी ने एनडीपीएस के मामले में फंसाने की धमकी दी है। इसके बाद भचूंडला निवासी कांतिलाल प्रजापत उर्फ गुड्डू के जरिए 8 लाख रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है।
फिर ऐसे की कार्रवाई
एएसपी विक्रम सिंह ने बताया-शिकायत के बाद करीब तीन बार परिवादी से दलाल ने बातचीत की। इसके बाद आज, सोमवार 26 अगस्त को एसीबी की टीम ने अपराह्न 3 बजे अरनोद थाने में कार्रवाई करते हुए थाना अधिकारी सुरेन्द्र सोलंकी और दलाल कांतिलाल को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दोनों के ठिकानों की तलाशी भी ली गई।
