बिहार के एक गांव की जमीन पर वक्फ बोर्ड ने ठोक दिया दावा, कहा- यह हमारी सम्पत्ति, 30 दिन में करें खाली, बोर्ड भी लगा दिया
एनसीआई@पटना
एक तरफ वक्फ बोर्ड संसोधन बिल को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का खेल चल रहा है, वहीं वक्फ बोर्ड द्वारा राज्य सरकारों पर दबाव बनाया जा रहा है कि इस बिल को संसद में पास होने से रोका जाए। वहीं दूसरी तरफ पटना से महज 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित फतुहा के गोविंदपुर गांव में बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड ने एक बड़ा खेल कर दिया।
दरअसल, बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड ने गोविंदपुर गांव पर ही अपना दावा कर दिया है। फिलहाल यहां के रहने वाले सात लोगों को नोटिस दिए गए हैं। इनसे कहा गया है कि जिस जमीन पर वे रह रहे हैं, वह वक्फ की है और उसे खाली कर दें। वहीं, इन सात लोगों का कहना है कि उनके दादा-परदादा के जमाने से यह भूमि का खतियान है, फिर यह उनकी न होकर वक्फ की कैसे हुई? गोविंदपुर गांव के रहने वाले खतियान वंशज बृजेश बल्लभ प्रसाद, राजकिशोर मेहता, रामलाल साव, मालती देवी, संजय प्रसाद, सुदीप कुमार और सुरेन्द्र विश्वकर्मा के पास बिहार राज्य सुन्नी बोर्ड का नोटिस आया है।
हाईकोर्ट से मिल गई है राहत
नोटिस में 30 दिन के अंदर उन्हें जमीनें खाली करने के लिए कहा गया है, जिन पर उनके घर बने हुए हैं। नोटिस मिलने के बाद सातों जमीन मालिकों ने पटना हाईकोर्ट में याचिका कर इसका विरोध किया है। पटना हाईकोर्ट से उन्हें राहत मिल गई है। हाईकोर्ट ने कहा है कि 1910 से उक्त जमीन का खतियान सातों याचिकाकर्ताओं के वंशजों के नाम है। पूर्व में भी पटना के जिलाधिकारी द्वारा 2 डिसमिल जमीन अधिग्रहित की गई थी, जिसका मुआवजा इन लोगों के पूर्वजों को मिला था।
वक्फ के दावे से पूरे इलाके के लोग परेशान
वर्तमान समय में तोजी नम्बर 16, खाता नम्बर 130, खसरा नम्बर 217 की सात धुर जमीन पर सुन्नी वक्फ बोर्ड द्वारा दावा किया जा रहा है। इससे पूरे इलाके के लोग परेशान हैं, क्योंकि बक्फ बोर्ड पूरे गोविंदपुर गांव पर ही अपना दावा पेश कर रहा है, जिसका खाता नम्बर 128, 130, खसरा नम्बर 199, 219, 217 है।
वक्फ संशोधन विधेयक जेपीसी में
उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने बीते दिनों लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया था, जिसका विपक्ष ने विरोध किया था। इसे देखते हुए सरकार ने वक्फ संशोधन विधेयक को समीक्षा के लिए जेपीसी के पास भेज दिया था। जेपीसी की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता और डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल कर रहे हैं। समिति में पक्ष और विपक्ष के कई सांसद शामिल हैं। इसकी बैठकें होनी शुरू हो गई हैं।
