बूंदी स्टेशन पर भी होगा वंदे भारत ट्रेन का ठहराव, 2 सितम्बर से शुरू होगा इसका संचालन, सांसद ओम बिरला के दखल के बाद मिली यह सुविधा, होटल एवं पर्यटन व्यवसायियों ने जताया आभार
एनसीआई@कोटा
उदयपुर से कोटा होकर आगरा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव अब बूंदी स्टेशन पर होना भी सुनिश्चित हो गया है। इस ट्रेन का संचालन 2 सितम्बर से शुरू होगा।
कोटा होकर गुजरने वाली यह ट्रेन कोटा रेल मंडल की पहली वंदे भारत ट्रेन है। यह अब बूंदी स्टेशन पर भी रुकेगी। लम्बे समय से जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग इस ट्रेन के यहां ठहराव की मांग कर रहे थे। कोटा-बूंदी सांसद और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इस मामले में रेल मंत्री से बात की थी। इसके बाद यह निर्णय लिया गया है।
लोकसभा अध्यक्ष ने दिया था दखल
इस मामले में लोगों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तक अपनी मांग पहुंचाई थी। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की। इसी के बाद रेलमंत्री ने बूंदी में भी आते-जाते दोनों समय वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित किया। पहले यह ट्रेन पांच स्टॉपेज पर ही रुकने वाली थी, लेकिन अब बूंदी का स्टॉपेज भी इसमें शामिल कर दिया गया है। इस प्रकार अब इस ट्रेन का 6 स्टॉपेज पर ठहराव होगा। अब रेलवे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की नई समय सारणी जारी करेगा।
सप्ताह में तीन दिन होगा संचालन
उल्लेखनीय है कि 2 सितम्बर से सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस उदयपुर से आगरा के बीच चलेगी। इन्हीं 3 दिन में वापस आगरा से उदयपुर के बीच भी चलेगी। इसका राणा प्रताप नगर, मावली, चंदेरिया, बूंदी, कोटा, सवाईमाधोपुर और गंगापुर सिटी स्टेशन पर ठहराव होगा।
बिरला का जताया आभार
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, फेडरेशन के बूंदी इकाई के मुख्य सलाहकार महेश पाटौदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, उपाध्यक्ष मुकेश शृंगी, सचिव लोकेश सुखवाल, कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा, कार्यकारिणी सदस्य आलोक दाधीच, मुकेश शर्मा, सलाहकार बोर्ड के निदेशक नारायण मंडोवरा तथा बूंदी व्यापार महासंघ के अध्यक्ष निरंजन जिंदल ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का बूंदी में ठहराव सुनिश्चित होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का हार्दिक आभार जताया है।
हाड़ोती के पर्यटन को बढ़ाने में होगी सहायक
सम्भागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हाड़ोती के पर्यटन को बढ़ाने में सहायक साबित होगी। यह ट्रेन आगरा, रणथंभौर, उदयपुर व चित्तौड़गढ़ के पर्यटन सर्किट से कोटा व बूंदी को जोड़ेगी। पहले इस ट्रेन का कोटा व सवाई माधोपुर में तो ठहराव तय हो गया था, लेकिन बूंदी में ठहराव नहीं था। इसके लिए फेडरेशन द्वारा लगातार मांग की जा रही थी। फेडरेशन के सदस्यों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर भी इस ट्रेन को बूंदी में रुकवाने की मांग की थी। उस समय ही बिरला ने इसके बूंदी में ठहराव की घोषणा कर दी थी। इसके बाद आज रेल मंत्रालय ने इसकी अधिकारिक घोषणा कर दी। यह हाड़ोती के पर्यटन विकास को नई गति प्रदान करेगी।

माहेश्वरी ने कहा कि हमने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से पैलेस ऑन व्हील ट्रेन का भी कोटा व बूंदी में ठहराव करवाने की मांग की है। ओम बिरला ने आश्वासन दिया है कि इसके लिए भी प्रयास किया जाएगा।
