April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कांग्रेस विधायक चांदना ने कोटा पुलिस को दी धमकी, तेल निकाल देंगे, खून के आंसू रुलाऊंगा, तीन महीने पहले डोटासरा आईजी से कह कर गए थे-घुटनों के बल नहीं चलवा दिया तो मेरा नाम……

कांग्रेस विधायक चांदना ने कोटा पुलिस को दी धमकी, तेल निकाल देंगे, खून के आंसू रुलाऊंगा, तीन महीने पहले डोटासरा आईजी से कह कर गए थे-घुटनों के बल नहीं चलवा दिया तो मेरा नाम……

एनसीआई@कोटा

बूंदी की हिंडोली विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री अशोक चांदना ने पुलिस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाते हुए, उसे तगड़ी धमकी भी दे डाली। उन्होंने कहा- किसी गलतफहमी में मत रहना, तीन साल बाद पर्ची सरकार चली जाएगी। आपके आका, आपको ढूंढने से भी नहीं मिलेंगे। किसी के इशारे पर अगर कोई कांग्रेस कार्यकर्ता के ऊपर अत्याचार करेगा तो उनका तेल निकाल दिया जाएगा।

चांदना ने बुधवार को कोटा के सांगोद में देहात कांग्रेस की ओर से निकाली गई ट्रेक्टर रैली को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।‌ उनका यह वीडियो आज गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

चांदना इस वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं- ‘आज-कल कोटा-बूंदी में बिरला जी के पाले हुए घूम रहे हैं। जो पुलिस प्रशासन के तंत्र को अपने हाथ में रखते हैं और लोगों की खिंचाई करवाते हैं। जो भी कांग्रेस कार्यकर्ता के ऊपर अत्याचार करता है, उसको अगर खून के आंसू नहीं रुलाया तो मेरा नाम अशोक चांदना नहीं।’

इस ट्रेक्टर रैली में विधायक अशोक चांदना के साथ पीपल्दा विधायक चेतन पटेल, प्रहलाद गुंजल और देहात कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह भी मौजूद थे।

विधायक अशोक चांदना ने कहा-मैं विश्वास दिलाता हूं, किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता को डरने की जरूरत नहीं है। इस देश के अंदर झूठ और झांसे का बोलबाला है। अगर समाज को दिशा दिखाने का कोई काम करेगा तो ये किसान पुत्र करेंगे।

केन्द्र सरकार ऑनलाइन गेमिंग वालों को लाइसेंस दे रही

चांदना ने कहा- केन्द्र सरकार ऑनलाइन गेमिंग वालों को लाइसेंस दे रही है, फिर चुनाव के समय उनसे चंदा ले रही है। ये तो वो सरकार आ गई, जो आपके बच्चों को जुआ-सट्टा खिलाने के लाइसेंस दे रही है। जब तक देश को तोड़ने वाली ताकतों को सत्ता से बाहर नहीं कर देंगे। जब तक हजारों किसानों की जान लेने वाली सरकार को सत्ता से बाहर नहीं कर देंगे। जब तक इस देश की युवा पीढ़ी को नशा और जुआ सिखाने वाली ताकत को बाहर नहीं कर देंगे, तब तक कांग्रेस का कार्यकर्ता शांति से नहीं बैठेगा।

डोटासरा तो आईजी को ही दे चुके हैं बड़ी धमकी

उल्लेखनीय है 24 जून को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी कोटा में एक रैली को सम्बोधित करते हुए तत्कालीन आईजी को कुछ ऐसे ही शब्दों में धमकी दी थी। डोटासरा ने बेहद आक्रामक अंदाज में कोटा रेंज के आईजी को न केवल सुधर जाने की नसीहत दी, अन्यथा उन्हें घुटनों के बल चलवा देने की धमकी दे डाली।
डोटासरा ने कहा था, ‘आईजी रवि दत्त गौड़ अपनी आदत से बाज आ जाएं, अगर कांग्रेस कार्यकर्ता आपके पीछे लग गए तो, सीएम भजनलाल और ओम बिरला भी नहीं बचा पाएंगे।

डोटासरा ने धमकी भरे अंदाज़ में कहा था कि, मिस्टर रवि दत्त गौड़ आपकी नौकरी में झोल पड़ जाएगा। कांग्रेस का कार्यकर्ता आपकी नौकरी के पूरे काले चिट्ठे पटल पर रख देगा। पीसीसी चीफ ने यहां तक कह दिया कि कानून के मुताबिक़ काम करिए वरना खैर नहीं होगी। अपने आपको सम्भाल लो, वरना कांग्रेस का कार्यकर्ता जीना हराम कर देगा। कांग्रेस के कार्यकर्ता ईडी-सीबीआई और पुलिस की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। जितने जुर्म करने हैं, उतने कर लेना, लेकिन अगर तुम्हें घुटनों के बल नहीं चलवा दिया तो मेरा नाम भी गोविंद सिंह डोटासरा नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.