April 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

श्रीगंगानगर का पटवारी 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, गिरदावरी रिपोर्ट तैयार करने के लिए मांगे थे 25 हजार

श्रीगंगानगर का पटवारी 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, गिरदावरी रिपोर्ट तैयार करने के लिए मांगे थे 25 हजार

एनसीआई@जयपुर/श्रीगंगानगर

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी की श्रीगंगानगर-प्रथम इकाई ने आज सोमवार को श्री गंगानगर जिले की सूरतगढ़ तहसील के पटवार हल्का संगीता के पटवारी मुकेश कुमार को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की टीम ने पटवारी को चाय की दुकान पर किसान से कागजातों में रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। वही, एसीबी की कारवाई से शहर में हड़कम्प मच गया। इस दौरान तहसील हल्कों के पटवारियों ने अपने कार्यालय तक बंद कर दिए। टीम आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर थाने ले गई।

यह है पूरा मामला

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि एसीबी की श्रीगंगानगर-प्रथम इकाई को परिवादी किसान श्रवण कुमार ने शिकायत दी थी कि गिरदावरी रिपोर्ट तैयार करने की एवज में पटवारी मुकेश कुमार प्रति बीघा एक हजार रुपए के हिसाब से कुल 25 हजार रुपए रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा है।

एसीबी जोधपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस हरेन्द्र महावर के सुपरवीजन में एसीबी की श्रीगंगानगर-प्रथम इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन मीणा के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया‌ गया। इसमें आरोपी 20 हजार रुपए में काम करने को तैयार हो गया। इसके बाद आज सोमवार को उप अधीक्षक पुलिस भूपेन्द्र सोनी ने मय टीम के सूरतगढ़ में ट्रेप की कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी मुकेश कुमार को परिवादी से 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पटवारी मुकेश कुमार पुत्र अमर सिंह निवासी गांव ढिलकी, तहसील नोहर, जिला हनुमानगढ़ का रहने वाला है।

एसीबी ने ऐसे बिछाया जाल

एसीबी की टीम सुबह ही सूरतगढ़ पहुंचकर पटवारी मनोज के कार्यालय के बाहर तैनात हो गई। परिवादी ने फोन किया तो पटवारी ने किसान को चाय की दुकान पर बुला लिया। एसीबी की टीम ने किसान को 20 हजार रुपए (500 के नोट) देकर चाय की दुकान पर भेजा। साथ ही टीम के जवान आसपास तैनात हो गए। आरोपी पटवारी ने किसान को फाइल में रिश्वत की राशि रखने के लिए कहा तो किसान ने ऐसा ही किया। इसके बाद किसान के इशारा करने पर टीम ने मौके पर दबिश देकर पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई कार्रवाई से एक बारगी वहां मौजूद लोगों में हड़कम्प मच गया।

2 साल पूर्व ही लगा था पटवारी, पूर्व में दुर्व्यवहार करने पर मिला था नोटिस

जानकारी के अनुसार पटवारी मुकेश कुमार करीब 2 साल पूर्व ही पटवारी बना था। उसका कुछ समय पूर्व ही प्रोविजनल काल पूर्ण हुआ था। एसीबी ने तहसीलदार कुलदीप कस्वां से भी पटवारी की रिकार्ड की जांच की। जानकारी में सामने आया है कि पूर्व में भी उसे अधिकारियों व परिवादी से दुर्व्यवहार करने पर तहसीलदार ने नोटिस दिया था।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी मुकेश कुमार से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.