हरियाणा पर पूरी तरह फेल हो गए एग्जिट पोल, एकदम उलट आए चुनाव परिणाम, जम्मू-कश्मीर पर सटीक रहा अनुमान, पढ़ें दिलचस्प रिपोर्ट और जानें नतीजे
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
सभी अनुमानों और दावों से विपरीत हरियाणा में बीजेपी इतिहास बनाते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है, जबकि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-एनसी गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है। इस प्रकार यहां बीजेपी सत्ता से दूर हो गई है। एग्जिट पोल्स हरियाणा में पूरी तरह गलत साबित हुए, जबकि जम्मू-कश्मीर के लिए सही निकले।
5 अक्टूबर को हरियाणा विधानसभा चुनाव की वोटिंग के कुछ देर बाद जारी किए गए सभी एग्जिट पोल के नतीजों में हरियाणा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया था, मगर परिणाम में यहां बीजेपी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने की स्थिति में आ गई है।
हालांकि इन्हीं एग्जिट पोल में जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-एनसी की सरकार बनने की बात कही थी। यह सही साबित हुए।
आइये एक बार एग्जिट पोल के आए नतीजों की बात कर लेते हैं। पहले बात हरियाणा की करते हैं। हरियाणा में मेट्रिक एग्जिट पोल के अनुसार, कांग्रेस को 55-62, बीजेपी को 18-24, निर्दलीय को 3-6 और आम आदमी पार्टी को 2-5 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। दैनिक भास्कर के अनुसार, हरियाणा में कांग्रेस को 44-54, भाजपा को 19-26, निर्दलीय को 1-5 और अन्य को 4-9 सीटें मिलने का अनुमान था। यहां आप को एक भी सीट न मिलने का दावा था।
पीपुल्स पल्स सर्वे का एग्जिट पोल देखिए। इसके एग्जिट पोल के अनुसार, कांग्रेस को 55, बीजेपी को 26, इनलो को 2-3, अन्य को 4-6 और आम आदमी पार्टी को शून्य सीट दिखाया था। ध्रुव रिसर्च के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 55-62, बीजेपी को 18-24, जेजेपी को 0-3 और अन्य को 5-11 सीटें मिलने का अनुमान था। आजतक- सी वोटर में कांग्रेस को 50-58, बीजेपी को 20-28 और अन्य को 10-14 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था।
जम्मू-कश्मीर के एग्जिट पोल सही रहे
हरियाणा की तरह हालांकि जम्मू-कश्मीर के चुनाव नतीजे एग्जिट पोल से मिलते-जुलते रहे हैं। आजतक सी वोटर, रिपब्लिक मेट्रिज, एबीवीपी सहित कई अन्य चैनलों के एग्जिट पोल में जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार बनने का अनुमान जताया था, यहां यह सही साबित हुआ।
•परिणामों में हरियाणा में कुल 90 सीटों में से बीजेपी को 48, कांग्रेस को 37 तथा अन्य को 5 सीटें मिली हैं।
• वहीं, जम्मू-कश्मीर में कुल 90 सीटों में से एनसी और कांग्रेस गठबंधन को 49, बीजेपी को 29, पीडीपी को 3 व अन्य को 9 सीटें मिली हैं।
