बहू ने दशहरे पर फूंके सास-ससुर, ननद, पति और पति के साथ लिव इन में रहने वाली गर्लफ्रेंड के पुतले
एक बहू ने अपनी सास-ससुर, ननद, पति और पति के साथ लिव-इन-रिलेशन में रहने वाली उसकी गर्लफ्रेंड के पुतले बनाए और उन्हें फूंक दिया। बहू ने अपनी ससुराल वालों पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का वनवास 14 साल में खत्म हो गया था, लेकिन वह तो अभी भी वनवास में है।
एनसीआई@हमीरपुर (उत्तर प्रदेश)
यहां दशहरे पर एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। वो यह कि यहां की एक बहू ने अपने सास-ससुर, ननद, पति और पति के साथ लिव-इन-रिलेशन में रहने वाली उसकी गर्लफ्रेंड के पुतले बनाए और उन्हें फूंक दिया। बहू ने इस अवसर पर कहा कि भगवान श्रीराम का वनवास तो 14 साल में खत्म हो गया था लेकिन वह तो अभी भी वनवास में है। महिला ने खुद को शादी के बाद से ही ससुराल वालों के उत्पीड़न और पति की बेवफाई का शिकार बताया।
एक पत्नी और बहू का यह अनोखा विरोध हर जगह चर्चा का विषय बन गया। धूं-धूं कर आतिशबाजी के साथ जलते पुतले सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल हुए। पीड़िता ने सरकार से न्याय की गुहार लगाई है। यह मामला हमीरपुर के मुस्करा कस्बे का है। मूल रूप से उरई की रहने वाली प्रियंका दीक्षित की शादी 14 साल पहले मुस्करा कस्बे में हुई थी। प्रियंका के अनुसार दुल्हन बनकर अपनी ससुराल आने के बाद उसे अपने पति के विवाहेत्तर सम्बंधों के बारे में पता चला। प्रियंका का आरोप है कि उनके पति का उसकी बहन की सहेली से रिश्ता है। शादी के कुछ ही दिन बाद ही इस रिश्ते का खुलासा हो गया था।
इसके बाद ज़िन्दगी हो गई नर्क
प्रियंका के मुताबिक यहीं से उसकी शादीशुदा जिन्दगी नरक में बदल गई। प्रियंका के अनुसार उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। सास-ससुर और यहां तक कि ननद भी जानती थी कि उसके पति के रिश्ते एक अन्य महिला से हैं। इस पर भी पति को समझाने की बजाए उन लोगों ने उसी का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। उसका ससुराल में रहना मुश्किल हो गया। इस पर उसे मायके की शरण लेनी पड़ी। ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सालों साल कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाए। पति तलाक का मुकदमा हार गया, लेकिन कोर्ट के आदेशों का आज तक पालन नहीं हुआ है।
14 साल गुजर गए, मगर उसका वनवास खत्म नहीं हुआ
प्रियंका कहती हैं कि चौदह साल में भगवान श्रीराम का वनवास खत्म हो गया, लेकिन उसका वनवास अभी खत्म नहीं हुआ है। ससुरालियों ने उसे सम्पत्ति से भी बेदखल कर रखा है। रावण एक पराई स्त्री को उठा लाया था, जिसके चलते आज भी उसके पुतले जलते हैं। लेकिन समाज में उसके पति जैसे रावण आराम से रह रहे हैं। पीड़ित प्रियंका ने शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
