April 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी महोत्सव-2024: जिलेभर में 18 से 20 नवम्बर तक होगा आयोजन, कार्यक्रमों को भव्य बनाने के लिए जिला कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक

बूंदी महोत्सव-2024: जिलेभर में 18 से 20 नवम्बर तक होगा आयोजन, कार्यक्रमों को भव्य बनाने के लिए जिला कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक

एनसीआई@बूंदी

जिले में आगामी 18 से 20 नवम्बर तक बूंदी महोत्सव-2024 का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को भव्य रूप देने के लिए बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने की।

इस बैठक में व्यापक विचार-विमर्श करने के साथ महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए समितियां गठित करने का निर्णय लिया गया। इसमें जिला कलेक्टर गोदारा ने निर्देश दिए कि ‘बूंदी महोत्सव’ कार्यक्रमों को भव्य बनाने के लिए के रोडमेप बनाया जाए। कार्यक्रमों में मांडन कला, हैरिटेज वॉक, वाइल्ड लाइफ ट्रेकिंग, घोड़ा दौड़, परम्परागत वेशभूषा व वाइल्ड लाइफ पेन्टिंग गतिविधियों को शामिल करने की योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि नवलसागर झील पर आयोजित होने वाले दीपदान कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित हो। साथ ही प्रस्तावित इंडिया नाइट कार्यक्रम में राजस्थानी कलाकारों के साथ अन्य राज्यों के लोक कलाकारों को भी शामिल किया जाए।

साफ-सफाई पर दें विशेष ध्यान

गोदारा ने निर्देश दिए कि महोत्सव से पहले सभी पर्यटक स्थलों के आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही आयोजन के दौरान टीम बनाकर सफाई कार्य की मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही महोत्सव के कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करवाया जाए।

उपखंड अधिकारियों को ये दिए निर्देश

बैठक में जिला कलेक्टर ने तालेड़ा, नैनवां, लाखेरी, इंद्रगढ़, केशवरायपाटन व हिंडोली में महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सम्बन्ध में सभी सम्बंधित उपखंड अधिकारियों को कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर पर्यटन विभाग को भिजवाने के निर्देश दिए। बैठक में नवीन पर्यटन विकास कार्यों के प्रस्तावों के सम्बन्ध में इको टूरिज्म के तहत स्थलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान बूंदी महोत्सव के प्रस्तावित कार्यक्रमों में देशी-विदेशी पर्यटकों एवं आमजन की भागीदारी बढ़ाने को लेकर जिला पर्यटन विकास समिति के सदस्यों के द्वारा सुझाव भी दिए गए। स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की गई।

ये होंगे आयोजन

‘बूंदी महोत्सव’ के तहत 18 से 20 नवम्बर तक गणेश पूजा, शोभा यात्रा, रस्साकशी, मूंछ प्रतियोगिता, साफा बांधना, पणिहारी दौड़ जैसे पारम्परिक खेलकूद प्रतियोगिताएं, दीपदान, शिल्पग्राम एवं उद्योग मेला, फुटबॉल, विलेज सफारी, बूंदी टेलेंट शो सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आर्ट एक्जीबिशन, कैनवास, मान-मनुहार, स्टार कलाकार द्वारा सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी के आयोजन होंगे।

बैठक में ये भी रहे मौजूद

बैठक में सहायक पर्यटक अधिकारी प्रेमशंकर सैनी ने महोत्सव में आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रुपरेखा प्रस्तुत की। साथ ही पर्यटन विकास कार्यों की जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह तोमर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, उपखंड अधिकारी हिंडोली शिवराज मीणा, उपखंड अधिकारी लाखेरी भावना सिंह, उपखंड अधिकारी तालेड़ा दीपक खटाणा, पर्यटन विभाग कोटा के उपनिदेशक विकास पंड्या, उपनिदेशक आईसीडीएस ऋचा चतुर्वेदी, प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर नवीन कुमार, इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीच, अध्यक्ष बूंदी ब्रश संस्था सुनील जांगिड़, विजय सिंह, होटल्स एसोसिएशन कोटा संभाग के उपाध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, स्वाति रॉय, पर्यटक गाइड अश्विनी शर्मा आदि मौजूद रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.