बेगूं विधायक धाकड़ के बयान से बीजेपी में सनसनी, बोले- मुख्यमंत्री से कहूंगा शिक्षा मंत्री को सलाह दें, अनर्गल बयानों से भाजपा और प्रधानमंत्री की बदनामी होती है
एनसीआई@बेगूं/जयपुर
बेगूं विधायक एवं भाजपा नेता डॉ. सुरेश धाकड़ ने आज शनिवार सुबह एक बड़ा बयान देकर अपनी ही पार्टी में खासी हलचल मचा दी। साथ ही राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को भी आईना दिखा दिया। इसके अलावा धाकड़ का यह बयान राज्य के मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को भी सतर्क करने वाला है। मदन दिलावर के इस बड़बोलेपन के खिलाफ अभी तक किसी अन्य भाजपा नेता ने ऐसी हिम्मत नहीं की थी, जबकि शिक्षा मंत्री दिलावर लगातार अपने गैरजिम्मेदार बयानों से राज्य की भाजपा सरकार को नुकसान पहुंचाते आ रहे हैं।

दरअसल, विधायक डॉ. धाकड़ सुबह 11 बजे बेगूं में जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के शुभारम्भ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर डॉ. धाकड़ ने कहा-स्कूल में टीचर बहुत मेहनत करता है। हालांकि हमारे शिक्षा मंत्री (मदन दिलावर) बयान इधर-उधर दे देते हैं, तो आप लोग बुरा मत मानना, लेकिन ऐसा नहीं बोलना चाहिए। कोई चाहे जितनी बड़ी पोस्ट पर चला जाए, मैं तुम्हारी आलोचना करूं, इससे बेहतर है कि मैं तुम्हें सुधारने के लिए कोई नियम बना दूं। यह मेरी जिम्मेदारी होनी चाहिए। अगर कोई नियम या कानून लागू करना है तो कर दो, लेकिन अनर्गल बयानबाजी कर लोगों को हतोत्साहित नहीं करना चाहिए। मेरे से बहुत बड़े आदमी हैं, लेकिन ऊपर तक सही संदेश नहीं जाता। लोग हमें टोकते हैं और कहते हैं कि तुम्हारा शिक्षा मंत्री किस तरह का बयान दे रहा है।
बीजेपी और प्रधानमंत्री की होती है बदनामी
इस क्रम में विधायक डॉ. धाकड़ ने आगे कहा- मैं मुख्यमंत्री से भी आग्रह करूंगा कि वे शिक्षा मंत्री को बुलाकर सलाह दें कि शिक्षकों का अपमान नहीं होना चाहिए। अगर सुधार करना है और ड्रेस कोड लागू करना है तो एक आदेश निकालो। यह ड्रेस पहननी होगी और साल की दो ड्रेस राजस्थान सरकार गिफ्ट के रूप में देगी, जिसे सिलवाकर पहनकर आना है। शिक्षक स्वयं इसका स्वागत करेगा। इसके बाद भी कोई शिक्षक नौटंकी करता है तो उसका इलाज करो, कौन रोकता है। लेकिन आप सुधार का मौका नहीं देते हो, सुझाव नहीं देते हो और केवल अनर्गल बयानबाजी करते हो। मैं बयान की सरेआम निंदा करता हूं, ऐसा नहीं होना चाहिए। इससे बीजेपी की और प्रधानमंत्री की बदनामी होती है। दस लोगों ने मुझे टोका कि तुम्हारा शिक्षा मंत्री क्या बोल रहा है, बताओ मैं क्या जवाब दूं। ऐसा नहीं होना चाहिए।

ध्वजारोहण के साथ प्रतियोगिता का शुभारम्भ, स्वच्छता की शपथ दिलाई
पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधायक डॉ. धाकड़ ने 4 दिवसीय 68 वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का ध्वजारोहण कर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्कूलों में अच्छी शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। समारोह की अध्यक्षता प्रधान नारु लाल भील ने की। प्रारम्भ में सीबीईओ बालूराम भील, प्रधानाचार्य कालूराम मीणा और उप प्रधानाचार्य बसंती सेन ने अतिथियों का स्वागत किया।
स्कूल के लिए ट्यूबवेल मोटर की घोषणा
विधायक डॉ. धाकड़ ने बालिकाओं की मांग पर स्कूल में ट्यूबवेल और सिंगल फेज मोटर लगाने की घोषणा की। साथ ही स्कूल के 50 साल पुराने जर्जर हो चुके कमरों को गिराकर नए कमरे बनाए जाने और इसके लिए प्रस्ताव तैयार किए जाने की भी जानकारी दी। साथ ही कहा कि बेगूं में जल्द ही बाईपास का निर्माण होगा, जिससे ट्रेफिक व्यवस्था में सुधार होगा।
जिले की 44 टीमें प्रतियोगिता में शामिल
मुख्य निर्णायक रेखा चौधरी ने बताया कि इस एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 17 से 19 आयु वर्ग की छात्राएं हिस्सा ले रही हैं, जिसमें जिले की 44 टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता के शुभारम्भ पर स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में ये भी रहे मौजूद
समारोह में केवीएसएस चेयरमैन तेजमल बोहरा, भूमि विकास बैंक उपाध्यक्ष मदन गोपाल धाकड़, पंचायत समिति सदस्य शम्भू लाल धाकड़, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा, पूजा सोनी, चंद्रप्रकाश जोशी, शीतल सोनी, मनीषा भट्ट, दिलीप अग्रवाल, राकेश गुर्जी, बद्रीलाल जाट, निलेश चतुर्वेदी, ओंकार लाल धाकड़, आशुतोष भट्ट, दर्पण शर्मा, रमेश चंद्र कोली, ओंकार पंचोली, उर्मिला चुण्डावत, कुलदीप डिडवानिया, नरेश सुथार, निर्मल माली, उत्तम सिंह आदि मौजूद रहे।
यह है मामला
उल्लेखनीय है कि अपने विवादित बयानों की शृंखला में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गत तीनों भी एक ऐसा ही बयान देकर शिक्षकों को बुरी तरह नाराज कर दिया था। अपने इस बयान में दिलावर ने शिक्षकों के पहनावे को लेकर टिप्पणी की थी। तभी से शिक्षक लगातार उनके इस बयान का विरोध कर रहे हैं।
