जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में बड़ा आतंकी हमला, एक डॉक्टर सहित 7 लोगों की मौत, आतंकी संगठन टीआरएफ ने ली जिम्मेदारी
फाइल फोटो
एनसीआई@श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में रविवार रात को हुए बड़े आंतकी हमले में एक डॉक्टर व 6 मजदूरों की मौत हो गई है। हमले में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का स्कीम्स श्रीनगर और उप जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन दी रेसिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है। टीआरएफ चीफ शेख सज्जाद गुल इस हमले का मास्टर माइंड बताया गया है। यह आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की ही एक शाखा है।
इस आतंकी हमले के बारे में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों ने रविवार रात मजदूरों के एक केम्प पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस केम्प में श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर गगनगीर में जेड-मोड़ सुरंग के निर्माण में लगी एक कम्पनी के मजदूर ठहरे हुए थे। यही पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। हमले को टारगेट किलिंग बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमले में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि डॉक्टर सहित पांच अन्य लोगों ने बाद में दम तोड़ा। वहीं, पांच घायलों को उप जिला अस्पताल और स्कीम्स श्रीनगर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घटनास्थल पर सुरक्षा बलों की टीम मौजूद है और इलाके में सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
मृतकों में ये हैं शामिल
मृतकों की पहचान गुरदासपुर पंजाब निवासी गुरुमीत सिंह, बडगाम निवासी डॉ. शाहनवाज, अनिल कुमार शुक्ला, फहीम नजीर, शशि अबरोल, मोहम्मद हनीफ और कलीम के रूप में हुई है।
पुलिस और सेना का ऑपरेशन जारी
घटना के बाद हमलावरों का पता लगाने के लिए पुलिस और सेना ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इस पर गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि हमलावरों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। वहीं, इस मसले पर अब राजनीति भी शुरू हो गई है।
