April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

इंटरव्यू लेने गई महिला पत्रकार की गोद में बैठ गए पूर्व विधायक, एफआईआर दर्ज,‌ पार्टी ने किया सस्पेंड

इंटरव्यू लेने गई महिला पत्रकार की गोद में बैठ गए पूर्व विधायक, एफआईआर दर्ज,‌ पार्टी ने किया सस्पेंड

एक महिला पत्रकार ने आरोप लगाया है कि जब वह इंटरव्यू के लिए तन्मय भट्टाचार्य के आवास पर पहुंची तो वह उनकी गोद में बैठ गए। अन्य तरीके से भी उनका व्यवहार आपत्तिजनक रहा। इसके बाद भट्टाचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

एनसीआई@कोलकाता

पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। आरजीकर मेडिकल काॅलेज में डाॅक्टर से दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस बीच प्रदेश में एक महिला पत्रकार के साथ सेक्सुअल हैरेसमेंट का मामला सामने आया है। महिला पत्रकार के साथ यह घटना तब हुई, जब वह एक वरिष्ठ नेता का इंटरव्यू करने उनके घर गई।

महिला पत्रकार से छेड़छाड़ के आरोप में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (M) के नेता और पूर्व विधायक तन्मय भट्टाचार्य के खिलाफ कोलकाता के बारानगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

सोशल मीडिया पर दी थी जानकारी

महिला पत्रकार ने फेसबुक पर भट्टाचार्य के खिलाफ गम्भीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था इंटरव्यू के दौरान वह उनकी गोद में बैठ गए। इसके बाद वह असहज हो गईं। महिला पत्रकार ने कहा था कि दमदम से पूर्व विधायक ने उनकी ओर अश्लील इशारे किए। उनका हाथ पकड़ा और गलत तरीके से छुआ।

पत्रकार ने फेसबुक पर घटना की सारी जानकारी दी। उन्होंने कहा-भट्टाचार्य ने एक रेपिस्ट की तरह बर्ताव किया। क्या अब पार्टी उनके खिलाफ एक्शन लेगी? हालांकि सीपीआई (एम) नेता भट्टाचार्य ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकार इससे पहले भी कई बार उनका इंटरव्यू कर चुकी है। वहीं, महिला पत्रकार का कहना कि वह पहले भी जब भट्टाचार्य के आवास पर उनका इंटरव्यू लेने गई तो उन्हें उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा। उन्हें बार-बार छूते रहने की आदत है।

सस्पेंड और जांच का आदेश

इसी बीच पार्टी ने भट्टाचार्य पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही जांच के आदेश दे दिए हैं। सीपीआईएम की स्टेट कमेटी ने कहा कि आरोपों की गम्भीरता को देखते हुए कार्यवाही की गई है। इस मामले में पार्टी ने आंतरिक जांच शुरू की है। सीपीआई (M) सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि भट्टाचार्य के व्यवहार से एक पोर्टल की पत्रकार को परेशानी हुई है।

सलीम ने कहा, इस तरह के आरोप बेहद गम्भीर हैं। पार्टी ऐसी गतिविधियों का समर्थन कभी नहीं करती है। उन्होंने यह भी कहा कि पता लगाया जाएगा कि आखिर भट्टाचार्य अपने घर पर इंटरव्यू क्यों दे रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.