पति को छोड़ा, प्रेमी संग तय हुई शादी, दुल्हन बनकर हुई तैयार, लेकिन नहीं आई बारात
प्रतीकात्मक फोटो
संभल में हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां सजी-धजी दुल्हन दूल्हे का इंतजार करती रही लेकिन दूल्हा बारात लेकर ही नहीं पहुंचा, जबकि इसी से प्रेम के चलते युवती के पहले पति ने इसे तलाक दिया था। इधर, जैसे ही बरात नहीं आने की खबर दुल्हन को लगी तो वह बेहोश हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।
एनसीआई@संभल
उत्तर प्रदेश के संभल में हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां सजी-धजी दुल्हन दूल्हे का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा बारात लेकर ही नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि दूल्हे पक्ष ने दहेज में कार मांगी थी. लेकिन जब दुल्हन पक्ष ने डिमांड पूरी नहीं की तो दूल्हा बारात लेकर नहीं आया। जैसे ही इस बात की खबर दुल्हन को लगी तो वह बेहोश हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। दुल्हन के घरवालों में गहरी मायूसी छा गई। बारात के स्वागत के सारे इंतजाम धरे के धरे रह गए।
दरअसल, नखासा थाना क्षेत्र की एक शादीशुदा युवती का इलाके के ही रहने वाले युवक सलीम से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब युवती के पति को इस बात की जानकारी हुई तो उसने उसे तलाक दे दिया। तीन महीने पहले युवती की मां ने उसे प्रेमी सलीम के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया था। इस पर दोनों पक्षों के बीच काफी विवाद हुआ और मामला थाने पहुंच गया।
समझौते के बाद तय हुई थी शादी
हालांकि, पंचायत ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर 5 नवम्बर को युवती व सलीम की शादी की तारीख तय हो गई। इसके बाद दोनों ही पक्ष शादी की तैयारी में लग गए। युवती के पिता और रिश्तेदारों ने बारात के स्वागत की तैयारी भी कर ली थी। 300 बरातियों के खाने का इंतजाम किया गया।
इधर, युवती मेहंदी रचाकर और शृंगार कर तैयार हो गई थी। सभी लोग बारात का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन इस बीच उन्हें पता चला बारात नहीं आ रही है। इसके बाद खुशियों का माहौल गम में बदल गया। बताया गया कि दूल्हे सलीम ने कार की डिमांड पूरी नहीं होने की वजह से खुद बारात लेकर आने से इनकार कर दिया।
दुल्हन हो गई बेहोश
यह बात सुनते ही दुल्हन बेहोश हो गई और आनन-फानन में परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहा डॉक्टरों ने युवती को भर्ती कर लिया। उधर, दुल्हन पक्ष के मेहमान बिना खाना खाए वापस लौट गए। इलाके में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। फिलहाल, दुल्हन पक्ष ने मांग की है कि अगर सलीम शादी नहीं कर रहा तो उस पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
इस घटना के बारे में नखासा थाना के प्रभारी गजेन्द्र कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों में 5 नवम्बर को शादी करने की बात पर समझौता हुआ था। युवक पक्ष के द्वारा बारात नहीं लेकर आने की शिकायत मिली है। खुद युवती पक्ष ने थाने पर आकर इसकी जानकारी दी है। तहरीर के आधार पर युवक और उसके पिता, भाई सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच-पड़ताल की जा रही है।
