शराब के नशे में धुत रिटायर्ड फौजी घर आया, उसकी गाली-गलौच से डर कर परिजनों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया, इस बीच पेट्रोल छिड़क कर खुद को लगा ली आग
एनसीआई@झुंझुनूं
रिटायर्ड फौजी शराब के नशे में धुत घर पहुंचा। इसके बाद परिवार के लोगों को गालियां देने लगा। इससे डर कर परिवार के सदस्यों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। बाद में फौजी ने खुद पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा ली। उसे गम्भीर हालत में रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। यह हादसा सूरजगढ़ थाना इलाके में गुरुवार सायं साढ़े सात बजे के करीब हुआ।
जानकारी के अनुसार- सूरजगढ़ थाना इलाके के स्वामी सेही पंचायत के कल्याणों का बास गांव में रहने वाले रिटायर्ड फौजी महेन्द्र सांईं पंवार (60) ने खुद को आग लगा ली। घटना के वक्त वह शराब के नशे में था। गांव वाले और परिजन उसे सूरजगढ़ सीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पड़ोसी राज्य हरियाणा के हिसार रेफर कर दिया गया। महेन्द्र की हालत नाजुक बताई जा रही है।

भतीजा बोला-डर कर कमरे में बंद हुआ परिवार
महेन्द्र के भतीजे राकेश ने बताया- चाचा महेन्द्र सुबह घर से निकले थे। वे अपराह्न 3 बजे करीब घर लौटे। उस समय वे नशे में थे। आते ही जोर-जोर से गाली-गलौच शुरू कर दी। घर पर उनकी पत्नी, बहू और दो पोते थे। उन्होंने घबरा कर खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया।
सायं 7.30 बजे तक वे गाली-गलौच करते रहे। उनके पास एक बोतल में पेट्रोल था। अचानक उन्होंने खुद पर वह पेट्रोल छिड़का और आग लगा ली। चिल्लाने पर पड़ोसी पहुंचे और जीवन ज्योति सेवा समिति को फोन किया।
एम्बुलेंस के जरिए उन्हें सूरजगढ़ सीएचसी ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर होने से हिसार रेफर कर दिया।
परिजन बोले- पत्नी से करते हैं मारपीट, सब परेशान
फौजी के बेटे मुकेश ने बताया- पिता शराब पीने के आदी हैं और वे बहुत गुस्सैल हैं। परिवार के साथ गाली-गलौच और मारपीट करते रहते हैं। मां को भी पीटते हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने खेत में काम करते वक्त मां को थप्पड़ जड़ दिया था। वे रिश्तेदारों से भी गाली-गलौच करते हैं। इसलिए उनसे सब परेशान हैं। महेन्द्र रिटायर्ड सूबेदार हैं। फिलहाल उनका हिसार के एक हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
