April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बीजेपी की महिला नेता व पूर्व सांसद पर जनसभा में हमले की कोशिश, फेंकी गईं कुर्सियां, आरोपियों पर ‘अल्लाहू अकबर’ के नारे लगाने का भी आरोप

बीजेपी की महिला नेता व पूर्व सांसद पर जनसभा में हमले की कोशिश, फेंकी गईं कुर्सियां, आरोपियों पर ‘अल्लाहू अकबर’ के नारे लगाने का भी आरोप

अमरावती की पूर्व सांसद नवनीत राणा के साथ यह घटना हुई है। एक रैली के दौरान उन पर हमले की कोशिश की गई। इस दौरान अराजक तत्वों ने जमकर हंगामा किया और कुर्सियां भी तोड़ दीं। घटना अमरावती के दरियापुर के खल्लार गांव की है। घटना के बाद नवनीत राणा अपने समर्थकों के साथ खल्लार पुलिस स्टेशन पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।

एनसीआई@मुम्बई

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अपने अंतिम चरण में है। इसके प्रचार की अवधि कल सोमवार, 18 नवम्बर को समाप्त हो जाएगी। इससे पहले अमरावती में पूर्व सांसद नवनीत राणा पर हमले की कोशिश की गई। शुरुआती जानकारी है कि इस हमले में उनका बॉडीगार्ड मामूली रूप से घायल हुआ है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात दरियापुर विधानसभा क्षेत्र के खल्लार गांव में युवा स्वाभिमान के प्रत्याशी रमेश बुंदिले के प्रचार के लिए नवनीत राणा की सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान जब नवनीत राणा का भाषण चल रहा था तो कुछ लोग जोरदार नारेबाजी और हंगामा करने लगे। उस वक्त युवा स्वाभिमान के कार्यकर्ताओं ने उन्हें समझाने की कोशिश की। मगर उन्होंने इसकी परवाह किए बिना नारेबाजी जारी रखी। जब नवनीत राणा खुद उन्हें समझाने जा रहीं थीं तो कुछ लोगों ने उन पर कुर्सियां ​​फेंकने की कोशिश की। इस हमले में नवनीत राणा के बॉडीगार्ड को कुर्सी लगी। इससे वह मामूली घायल हो गए।

‘अल्लाह हू अकबर के लगाए नारे’

घटना को लेकर भाजपा नेता नवनीत राणा ने कहा, ‘खल्लार में में हमारी सभा चल रही थी। एकदम शांतिपूर्वक तरीके से प्रचार चल रहा था। इसी बीच जब मैं भाषण दे रही थी तो कुछ लोग दूर से इशारे कर रहे थे। मैं शांतिपूर्वक अपना भाषण खत्म करने की कोशिश कर रही थी और वह लोग हूटिंग कर रहे थे। जब मैं भाषण समाप्त करके नीचे आई तब भी मैंने कोई रिएक्ट नहीं किया। मुझे और मेरे कार्यकर्ताओं को देखकर उन्होंने अल्लाह हू अकबर के नारे लगाए। जब हमारे लोगों ने कहा कि आप लोग भाभी के लिए अपशब्द ना कहें, उनका भाषण समाप्त हो जाएगा तो हम चले जाएंगे।’

‘मेरे ऊपर थूका और कुर्सियां फेंकी’

नवनीत राणा ने कहा, ‘जब कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम जाने वाले हैं तो वह कुर्सियां फेंकने लगे और मारना शुरू कर दिया। वहीं पर पत्रकार भी थे, गांव वाले भी थे। वह लोग मुझे गाली देने लगे, मेरे ऊपर कुर्सियां फेंकी, कांस्टेबल पर भी कुर्सी फेंकी, ये सब वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है। मेरे 6 अंगरक्षक और मेरे निजी सचिव मुझे घेरकर बाहर ले गए। इस दौरान मेरे ऊपर थूका, मेरी जाति को लेकर गाली दी, इन लोगों ने अल्लाह हू अकबर के नारे लगाए। फिलहाल मैंने शिकायत दर्ज करा दी है। अगर इन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया तो सभी हिन्दू समाज एकत्र होकर विरोध करेगा।’

मॉडलिंग व फिल्मों से राजनीति का सफर

नवनीत राणा अमरावती से निर्दलीय सांसद रह चुकी हैं। रवि राणा उनके पति हैं, जो मौजूदा विधायक है। नवनीत राणा ने शादी के बाद साल 2014 में लोकसभा चुनाव में एनसीपी के टिकट पर अमरावती सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन वह हार गई थीं। नवनीत राणा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय लड़कर जीत हासिल की थी। इसके बाद कांग्रेस और एनसीपी ने उन्‍हें अपना समर्थन दिया था। 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान नवतीत राणा बीजेपी में शामिल हो गईं थीं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें अमरावती से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि वह हार गईं थीं।

राजनीतिक में आने से पहले नवनीत राणा मॉडलिंग करती थीं। वह पंजाबी व दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम कर चुकी हैं। 2011 में वह विधायक रवि राणा के साथ विवाह बंधन में बंध गईं और इसके कुछ समय बाद राजनीति में आ गई थीं।

ऐसे हुई थी शादी

नवनीत राणा और रव‍ि राणा की पहली मुलाकात बाबा रामदेव के आश्रम में हुई थी। इसके बाद दोनों ने 2 फरवरी, 2011 को एक सामूहिक विवाह समारोह में शादी कर ली थी। इस विवाह समारोह में कुल 3162 जोड़े विवाह बंधन में बंधे थे। उस समय रवि राणा विधायक थे। इस वजह से दोनों की शादी काफी चर्चा में रही थी। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, बिजनेस टायकून सुब्रत राय, योग गुरु बाबा रामदेव और अभिनेता विवेक ओबेराय भी इस शादी समारोह में शामिल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.