ताजमहल की सीढ़ियां चढ़ रही विदेशी महिला पर्यटक गिरकर हुईं बेहोश, फिर हो गई मौत
विश्व प्रसिद्ध ताजमहल में एक विदेशी महिला पर्यटक की अचानक मौत हो गई। म्यांमार की निवासी 67 वर्षीय महिला आइमिंट अपने 10 सदस्यीय समूह के साथ भारत दौरे पर थीं। इस दौरान वह ताजमहल का भ्रमण करने पहुंची थीं। आइमिंट रेम्प पर चढ़ते समय अचानक गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एनसीआई@आगरा
उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल देखने आई विदेशी महिला की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि महिला टूरिस्ट ताजमहल की सीढ़ियां चढ़ रही थी, उसी समय वह अचानक गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। इसके बाद उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रशासन ने इस घटना के बारे में म्यांमार एम्बेसी को सूचना दे दी है। इसी के साथ मौत के पीछे की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार, म्यांमार की निवासी महिला पर्यटक 67 वर्षीय आइमिंट अपने 10 सदस्यीय समूह के साथ ताजमहल देखने पहुंची थीं। इस दौरान वह जब ताजमहल के मुख्य गुम्बद पर जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ रहीं थीं, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़ीं।
इस पर उन्हें तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आइमिंट के साथ आए अन्य लोगों से आवश्यक जानकारी ली है। साथ ही म्यांमार एम्बेसी को सूचना दी। प्रशासन एम्बेसी के सम्पर्क में बना हुआ था।
