कपड़ा कारोबारी ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या, हाथ-पैर कटकर हो गए अलग, सुसाइड नोट में लिखा-पत्नी ने एक साल से कर रखा है परेशान
एनसीआई@नीम का थाना
नीम का थाना में एक कपड़ा व्यापारी ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। इस हादसे में उसका एक पैर और एक हाथ कटकर अलग हो गया। गम्भीर हालत में उसे कोटपूतली अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
कपड़ा कारोबारी के पास से सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने अपनी पत्नी और उसके घरवालों को हत्या का जिम्मेदार बताया है। मामला पाटन थाना क्षेत्र के डाबला स्टेशन का है।

नीमकाथाना जीआरपी थाना एसएचओ हरविंदर सिंह ने बताया- शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि डाबला स्टेशन पर एक युवक ने रेवाड़ी-फुलेरा पैसेंजर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी है। गम्भीर घायल युवक को एम्बुलेंस से पाटन अस्पताल पहुंचाया। हादसे में युवक का एक हाथ और पैर कट गया। इस पर उसे गम्भीर हालत में कोटपूतली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया- मृतक की पहचान राहुल सारस्वत पुत्र बसंत कुमार सारस्वत निवासी नारनौल (हरियाणा) के रूप में हुई। राहुल के पिता बसंत कुमार ने थाने में रिपोर्ट दी है। इसमें बताया गया है कि बेटे राहुल को उसकी पत्नी प्रिया, ससुर सोमदत्त और उसकी सास प्रताड़ित करते थे। इससे परेशान होकर उनके बेटे ने सुसाइड कर लिया।
स्टेशन मास्टर ने बुआ के बेटे को किया फोन
मृतक राहुल के जीजा मोहित ने बताया- शनिवार सुबह राहुल की बुआ के बेटे लोकेश (मिंटू) के पास डाबला स्टेशन मास्टर का फोन आया। उन्होंने हादसे की जानकारी दी, लेकिन मिंटू ने फेक कॉल समझकर फोन काट दिया। स्टेशन मास्टर ने उसे दोबारा फोन किया और घायल राहुल से बात कराई। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली।
मोहित ने बताया- राहुल सूरत (गुजरात) में कपड़ों का कारोबार करता था। उसके परिवार ने साल 2017 में सूरत में करीब एक करोड़ रुपए कीमत का फ्लैट खरीदा था। राहुल की पत्नी प्रिया उस फ्लेट को अपने नाम पर करवाना चाहती थी। 12 नवम्बर को पूरा परिवार सूरत से नारनौल आया था। इस दौरान राहुल ने अलवर में रह रही पत्नी प्रिया से फोन पर बात की तो प्रिया ने उसे अलवर बुलाया।
मोहित ने बताया- राहुल शुक्रवार को अलवर के लिए निकला, लेकिन वह अलवर जाने की बजाय रोहतक (हरियाणा) चला गया। शुक्रवार रात 9 बजे पिता बसंत कुमार ने राहुल को फोन किया तो उसने बताया कि वह रोहतक है और देर रात को अलवर चला जाएगा। शनिवार सुबह परिजनों को हादसे की सूचना मिली।
3 साल पहले हुई थी शादी
पिता बसंत कुमार ने बताया- उनका परिवार कई सालों से गुजरात के सूरत में रह रहा है। बेटा कपड़ा कारोबारी था। गुजरात से साड़ी खरीदकर अन्य राज्यों में बेचता था। राहुल की शादी 3 साल पहले अलवर निवासी प्रिया के साथ हुई थी। 4 महीने पहले प्रॉपर्टी को लेकर उसने राहुल से झगड़ा किया और 2 साल के बेटे को लेकर पीहर चली गई। राहुल घर का इकलौता बेटा था। वह दो बहनों का अकेला भाई था।
सुसाइड नोट में लिखा- एक साल से पत्नी ने कर रखा था परेशान

कपड़ा कारोबारी के पास मिले सुसाइड नोट में उसने पत्नी पर अपने मां-बाप के कहे अनुसार चलने और उसके और उसके परिजनों का जीना मुश्किल करने की बात लिखी है। पढ़िए पूरा सुसाइड नोट…
‘मैं राहुल सारस्वत पुत्र बसंत सारस्वत अपने जीवन से दुखी हूं। मेरी पत्नी प्रिया अपने मां बाप के कहे अनुसार चलती है। उसने मेरा और मेरे परिवार वालों का जीना मुश्किल कर रखा है। पिछले एक साल से उसने मुझे बहुत परेशान कर रखा है। वह मुझे अपनी सारी प्रॉपर्टी अपने नाम करने के लिए दबाव डाल रही है। चार महीने पहले मुझे बिना बताए मेरे बेटे को लेकर अपने घर चली गई है।
मैं चार महीने से लगातार उससे आने को कह रहा हूं, लेकिन वह प्रॉपर्टी को खुद के नाम पर करने की जिद पर अड़ी हुई है और बार-बार उसके घरवालों की ओर से मुझ पर और मेरे घरवालों पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है। अब मैं परिस्थिति बर्दाश्त नहीं कर सकता और अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहा हूं। मेरी मौत की जिम्मेदारी मेरी पत्नी प्रिया और उसके घरवालों की है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि मेरी मौत के बाद इन लोगों को सख्त से सख्त सजा मिले। जिससे मेरी आत्मा को शांति मिलेगी।’
