April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: दिल्ली जा रही बस रास्ते में नदी के पुल पर झूली, सभी 40 यात्रियों की सांसें अटकी, मची अफरातफरी, ड्राइवर और महिला कंडक्टर ने बंधाया हौंसला, बच गया बहुत बड़ा हादसा

राजस्थान: दिल्ली जा रही बस रास्ते में नदी के पुल पर झूली, सभी 40 यात्रियों की सांसें अटकी, मची अफरातफरी, ड्राइवर और महिला कंडक्टर ने बंधाया हौंसला, बच गया बहुत बड़ा हादसा

एनसीआई@झुंझुनूं

दिल्ली के लिए शुक्रवार सुबह 9 बजे करीब रवाना हुई झुंझुनूं डिपो की बस करीब एक घंटे बाद ही रास्ते में खुड़ाना गांव के पास काटली नदी पर बने पुल पर बेकाबू हो गई। इससे बस का अगला हिस्सा नदी की पुलिया पर झूल गया। बस में 40 यात्री सवार थे। इस घटना से बस में हाहाकार मच गया। सभी यात्रियों की सांसें अटक गईं। फिर भी जैसे-तैसे हिम्मत कर सभी बस से सुरक्षित बाहर आने में सफल रहे। इस प्रकार बहुत बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।

इस सम्बन्ध में बस ड्राइवर आशीष का कहना है कि पुल पर चढ़ते ही सामने बच्चों से भरा ऑटो आ गया। उसे बचाने के चक्कर में ही यह हादसा हुआ। बस की महिला कंडक्टर विनोद कृष्णिया ने इस दौरान यात्रियों को हौंसला देकर संभाला। गनीमत रही कि इस घटना के बाद बस के नीचे का हिस्सा पुल के किनारे पर बने डिवाइडर में फंस गया। इससे बस खाई में गिरने से बच गई।

पुलिस ने यह दी जानकारी

बगड़ थाना प्रभारी हेमराज मीणा ने बताया- थाने में फोन से बस के साथ हुए हादसे की सूचना मिली। इस पर जाप्ता लेकर मौके पर पहुंचे। तब तक यात्री बस से सकुशल बाहर आ चुके थे। पुलिया पर बस फंस जाने से राहगीरों की भीड़ लग गई थी। इससे दोनों तरफ जाम लग गया था। लोगों को हटाकर बस को क्रेन से निकाला जा सका। इस बीच करीब एक घंटे तक रोड जाम रहा।

ट्रेफिक इंचार्ज धन बहादुर सिंह ने बताया- बस का झुंझुनूं डिपो से दिल्ली रवाना होने का समय सुबह 8.20 का है। शुक्रवार को यह सुबह 9 बजे डिपो से रवाना हुई। पुलिया पर सामने स्कूल के बच्चों से भरा ऑटो आने के कारण बस बेकाबू होकर पहले पेड़ से टकराई फिर पुल पर लटक गई। किसी यात्री को चोट नहीं आई है, मगर बस का नुकसान हुआ है। रोडवेज ने यात्रियों के लिए दूसरी बस भेज दी थी। इससे वे आगे के लिए रवाना हो गए।

कुछ यात्रियों को खिड़की से कूदना पड़ा

जानकारी के अनुसार- रोडवेज बस अगर 2 फीट और आगे बढ़ जाती तो वह 10 फीट गहरी खाई में जा गिरती। जैसे ही हादसा हुआ यात्रियों में चीख पुकार मच गई।ड्राइवर-कंडक्टर ने यात्रियों को शांत कराया और अफरातफरी नहीं मचाने की सलाह दी। फिर सावधानी से एक-एक कर यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। इस बीच घबराहट में कुछ यात्री खिड़कियों से भी बाहर कूद गए। बड़ी बात यह रही कि सभी यात्रियों के बाहर निकल जाने के बाद ही ड्राइवर और कंडक्टर बस से उतरे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.