April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी में बीमारी ठीक करने के नाम पर हैवानियत, डायन बताकर महिला को गर्म सलाखों से दागा, सिर मूंडा और मुंह काला कर गांव में घुमाया

बूंदी में बीमारी ठीक करने के नाम पर हैवानियत, डायन बताकर महिला को गर्म सलाखों से दागा, सिर मूंडा और मुंह काला कर गांव में घुमाया

एनसीआई@बूंदी

जिले की हिंडोली तहसील से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इसके अनुसार यहां एक महिला की बीमारी ठीक करने के नाम पर उसे डायन बताकर गर्म सलाखों से दागा गया। उसके बाल काटकर और मुंह काला कर गांव में घुमाया गया। इसके बाद महिला को एक पेड़ से बांध दिया। पांच दिन पुरानी यह घटना आज शुक्रवार को सामने आई। इसके बाद पुलिस आरोपी भोपा व उसके सहयोगी की तलाश कर रही है।

हिंडोली थाना क्षेत्र के खाशहाली का झोपड़ा के बापजी देव स्थान पर हुई इस घटना के बारे में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस आरोपी भोपा और उसके सहयोगी की तलाश कर रही है। इन्होंने महिला की पीठ को गर्म सलाखों से बुरी तरह दागा था।

हिंडोली थाना प्रभारी पवन मीना ने बताया कि पीड़ित महिला शाहपुरा जिले की जहाजपुर तहसील की रहने वाली है। वह पिछले कई दिन से पेट दर्द से परेशान थी। किसी ने उसे सलाह दी थी कि वह हिंडोली के खाशाहाली का झोपड़ा बापजी देव स्थान पर जाए तो उसे आराम मिल सकता है। इसलिए यह अपने बेटे को लेकर 24 नवम्बर को देव स्थान पर पहुंची थी।

आखिर में पेड़ से बांध दिया 

महिला की शिकायत के अनुसार गांव के बापजी देव स्थान पर पहुंचने के बाद वहां बाबूलाल रैगर, सोनू मीणा और गौरी देवी ने खुद में कथित देवता का भाव जागृत किया।‌ इसके बाद अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया। इन लोगों ने इस महिला को डायन बताकर इसके शरीर को गर्म सलाखों से दागा गया। आरोपी यही नहीं रुके। इसके बाद इस महिला का मुंह काला कर, सिर के बाल काटकर पूरे गांव में घुमाया। बाद में उसे एक पेड़ से बांध दिया गया। इसी हालत में इस महिला को एक दिन तक देव स्थान पर रखा गया। मगर इसके बावजूद भी इस महिला की तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इस पर उसे 25 नवम्बर की रात को छोड़ दिया गया। कहा गया कि घर जाओ, तबीयत ठीक हो जाएगी। मगर हुआ और उलटा। जो कुछ उसके साथ हुआ, उससे महिला की तबीयत और खराब होने लगी। उसके शरीर पर कई जगह गर्म सलाखों से दागने के निशान हैं।

पीड़िता ने हिंडोली थाने में दी शिकायत में बताया कि घटना के दौरान बाबूलाल रैगर, तारा चंद मीणा और उसकी पत्नी सोनू के साथ हेमराज, लेखराज, चेतन मीणा, छीतर लाल निवासी खाशाहाल का झौपड़ा के अलावा गोरी देवी व चार-पांच अन्य लोग मौजूद थे। इन लोगों ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए और कहा कि इसे डायन लग रही है।

ऊपर की हवा बता कर सलाखों से दागा

हिंडोली थानाधिकारी पवन मीणा ने बताया कि महिला पेट में दर्द होने के कारण देवजी का थाने के पास एक भोपा से झाड़ फूंक करवाने आई थी। भोपे ने महिला को ऊपर की हवा बता कर सलाखों से दाग दिया और सिर के बाल काट दिए। पीड़िता ने दो दिन पहले रिपोर्ट दी थी, फिलहाल आरोपियों को ढूंढ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.