तीन स्कूली छात्राओं की मौत वाली जगह पहुंचीं डिप्टी सीएम दिया कुमारी, मौके पर दिखी लीपापोती तो अफसरों पर जताई नाराजगी
एनसीआई@पाली
राज्य की डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने रविवार को पाली जिले के बाली कस्बे के देसूरी नाल में 8 दिसम्बर को हुए स्कूली बस हादसे वाली जगह को देखा। इस हादसे की जगह की हुई लीपापोती को देख उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजसमंद जिले के चारभुजा से पिकनिक मनाने जा रही स्कूली बच्चों से भरी बस देसूरी नाल के पास पलटने से तीन छात्राओं की मौत हो गई थी। 8 दिसम्बर को देसूरी की नाल में हुए हादसे के बाद रविवार सुबह डिप्टी सीएम दिया कुमारी मौके पर पहुंचीं। इस दौरान वे सड़क पर पेचवर्क देखकर गुस्सा हो गईं। इस पर उन्होंने अधिकारियों से कहा- लीपापोती कर दी, इससे अच्छा तो पेंट ही कर दो।

अधिकारी नहीं दे पाए संतोषजनक जवाब
डिप्टी सीएम ने पेचवर्क के बारे में पूछा, तो अधिकारी स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इस पर दिया कुमारी ने कहा- जहां भी मैं जाती हूं या कोई मंत्री जाते हैं, तो पेचवर्क कर दिया जाता है। ऐसा क्यों? हमें काम देखने दो। जब काम करो, तो ऐसा करो कि वह पूरी तरह से सही हो। इस तरह के पेचवर्क का कोई मतलब नहीं है, यह सिर्फ पैसा वेस्ट करने जैसा है। अगली बार ऐसा न करें।
दिया कुमारी ने कहा- यह नेशनल हाईवे की सड़क है, जिसे राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (RSRDC) जल्द हेंड ओवर करेगी। इस प्रोसेस में थोड़ा टाइम लग सकता है। सड़क को सुधारने के लिए अधिकारियों को एक महीने का समय दिया गया है। इसका लगातार फॉलोअप किया जाएगा। मेरे लिए यह रूट प्राथमिकता है, इसे चाहे स्टेट बनाए या केन्द्र बनाए।
डिप्टी सीएम ने कहा- वॉल बनाने और बेरिकेड्स लगाने का काम तो तुरंत ही हो जाएगा। इसके साथ ओवरलोडिंग पर प्रशासन को ध्यान देना होगा। मौके पर जिला प्रशासन के साथ पीडब्ल्यूडी, आरएसआरडीसी के जयपुर स्थित अधिकारियों को भी बुलाया गया था।
एक हजार से अधिक लोगों की हो चुकी है मौत
देसूरी नाल में अब तक एक हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यहां के आठ किलोमीटर वाले घाट सेक्शन में हादसों का खतरा अधिक रहता है। 8 दिसम्बर को पिकनिक पर जा रही स्कूली बच्चों की बस पलटने से तीन छात्राओं की मौत हो गई थी, जबकि 17 बच्चे गम्भीर घायल हुए थे।
राज्यमंत्री ओटाराम के घर पहुंचकर जताया शोक
दुर्घटना स्थल का जायजा लेने के बाद उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी मुंडारा (बाली) में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी की मां दोली बाई के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए उनके घर भी पहुंचीं। यहां उन्होंने देवासी परिवार और परिजनों से मुलाकात की।

सड़क निर्माण में खामी पर दो अधिकारियों को किया था एपीओ

इससे पहले डिप्टी सीएम दिया कुमारी 14 दिसम्बर को नाथद्वारा पहुंचीं थीं। इस दौरान उन्होंने गुंजोल से कुचोली मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था। इसमें उन्हें सड़क निर्माण में खामियां मिलीं थीं। इस पर दिया कुमारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई थी। साथ ही पीडब्ल्यूडी के दो अधिकारियों को एपीओ कर एक अधिकारी को नोटिस भी जारी किया था।
