सांसद के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज, दो बिजली मीटरों की एक साल की रीडिंग ‘जीरो’ यूनिट मिलने पर कार्यवाही, टेम्परिंग के सबूत मिले, सुबह-सुबह एक बार फिर छापा
सांसद के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज, दो बिजली मीटरों की एक साल की रीडिंग ‘जीरो’ यूनिट मिलने पर कार्यवाही, टेम्परिंग के सबूत मिले, सुबह-सुबह एक बार फिर छापा
एनसीआई@लखनऊ
उत्तर प्रदेश का संभल पिछले कुछ समय से देशभर में सुर्खियों में बना हुआ है। आज गुरुवार सुबह-सुबह एक बार फिर यहां उस समय गहमागहमी हो गई, जब भारी पुलिस फोर्स के साथ बिजली विभाग की टीम समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क के घर पहुंच गई। इस सांसद के घर में घुसकर बिजली की स्थिति की जांच-पड़ताल की और हाल ही में लगाए गए स्मार्ट मीटर की रीडिंग को खंगाला।
कुछ दिन पूर्व संभल के दंगों के आरोपी नम्बर वन बन चुके समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान की मुश्किलें और भी बढ़ना तय हैं। दरअसल, उनके घर में लगे बिजली के दोनों मीटरों में टेम्परिंग के सबूत मिले हैं। इसके बाद उनके खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। बिजली डिपार्टमेंट की शिकायत पर जियाउर्रहमान बर्क के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट की धारा 135 के तहत यह एफआईआर दर्ज की गई है।आरोप है कि बिजली डिपार्टमेंट के लोगों को सांसद जिया पर रहमान बर्क के पिता ने धमकाते हुए कहा, “हमारी सरकार आएगी तो देख लेंगे।”
बीते दिनों बिजली विभाग ने सांसद के घर से पुराने मीटर हटाकर उन्हें सील किया था। इसके बाद लैब में जांच के लिए भेजा था। इस जांच में सांसद के घर के बिजली बिल में सालभर की रीडिंग जीरो मिली थी। यहां गौरतलब है कि टीम ने पुराने मीटर हटाते ही उनकी जगह नए स्मार्ट मीटर लगा दिए थे। आज सुबह-सुबह विभाग की टीम इन मीटरों की जांच करने और उनकी रीडिंग रिकॉर्ड करने ही पहुंची थी। टीम सांसद के आवास की दूसरी मंजिल पर सीढ़ी के सहारे पहुंची और बिजली का लोड चेक किया।

आरएएफ का महिला दस्ता भी रहा तैनात
टीम यह जांच कर रही है कि सांसद के घर में बिजली का कितना इस्तेमाल हो रहा है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के साथ पीएसी के जवान भी तैनात रहे। रैपिड एक्शन फोर्स का महिला दस्ता भी तैनात रहा। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
टीम ने समाजवादी पार्टी के सांसद के आवास के अंदर जाकर मीटरों की जांच की। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई बिजली विभाग द्वारा चलाए जा रहे जांच अभियान का हिस्सा थी। इस अभियान के तहत बड़ी उपभोक्ता इकाइयों और राजनीतिक हस्तियों के बिजली कनेक्शनों की जांच की जा रही है।
नए स्मार्ट मीटर की रीडिंग की जांच
सांसद जिया उर रहमान बर्क के घर की बिजली जांच के सम्बन्ध में अधिकारियों ने बताया कि नया स्मार्ट मीटर लगाया गया है। उसकी रीडिंग चेक की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि मीटर सही तरीके से काम कर रहा है या नहीं।
उल्लेखनीय है कि बिजली विभाग को संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान के घर बिजली के इस्तेमाल में गड़बड़ी की जानकारी मिली थी। बिजली विभाग ने बताया था कि सांसद के परिसर में दो बिजली कनेक्शन हैं। एक कनेक्शन सांसद जिया उर रहमान के नाम पर रजिस्टर्ड दो किलोवाट का है, जो सम्पत्ति के सामने स्थित है।
वहीं, दूसरा कनेक्शन उनके दादा शफीकुर्रहमान बर्क के नाम पर दो किलोवाट का है। दूसरे मीटर पर नाम उनके दादा की मृत्यु के बाद अपडेट नहीं किया गया था। अब उस मीटर को सील कर रहे हैं और इसकी स्थिति की जांच के लिए नोटिस जारी कर रहे हैं। जांच सम्बंधित पक्षों की मौजूदगी में होगी और पारदर्शिता के लिए प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।
