इंस्टाग्राम पर फेमस होने का ऐसा पागलपन, नाबालिग छात्र से मारपीट व चाकू से घायल कर वीडियो बनाया, मुश्किल से बची जान
एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में
एनसीआई@कोटा
इंस्टाग्राम पर फेमस होने का जुनून अब बहुत खतरनाक स्तर पर जा पहुंचा है। यहां तक कि ऐसे जुनूनियों को खुद की जान जाने तक का खौफ नहीं रहता तो ऐसे लोग दूसरे की जान लेने तक पर तुल जाते हैं। ऐसा ही एक खौफनाक वाकया यहां शुक्रवार शाम को हुआ। इसमें एक छात्र की जान पर ही बन आई।

दरअसल, यहां 3 लड़कों ने कोचिंग से लौट रहे एक छात्र को पहले तो साइकिल से गिराया। उससे मारपीट की। बाद में चाकू मारकर घायल कर दिया। आरोपी लड़कों ने इस वारदात को अंजाम देते हुए वीडियो भी बनाया। हद फिर यह हो गई कि इसे रील बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। साथ में गाना लगाया-थानेदार झुक के बात करता..डीएसपी सेल्यूट करता…। पुलिस ने शुक्रवार रात को ही दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया, वहीं एक लड़के विश्वजीत सिंह पुत्र अरिंदमन सिंह को गिरफ्तार किया है। तीनों बदमाश प्रवृति के हैं और इंदिरा गांधी नगर के निवासी हैं। यह प्रकरण धारा 126 (2),115(2),109(1),3(5) में दर्ज हुआ है।
थानाधिकारी ने यह बताया
इस बारे में उद्योग नगर थाना इंचार्ज जितेन्द्र सिंह ने बताया- डीसीएम श्रीराम रेंस फेक्ट्री एरिया में यह वारदात हुई। थाना इलाके की इंदिरा गांधी कॉलोनी में रहने वाला छात्र शुक्रवार दोपहर साइकिल पर अपने घर से 3 किमी दूर स्थित कोचिंग इंस्टीट्यूट गया था। वहां टेस्ट देने के बाद वह शाम को घर लौट रहा था। इस दौरान 4 बजे करीब फेक्ट्री के सामने मैदान में तीन लड़कों ने उसकी साइकिल रोक ली। आरोपियों ने इस छात्र को पहले साइकिल से नीचे गिराया, फिर उस पर हमला कर दिया। पीड़ित छात्र ने बताया- डीसीएम श्रीराम रेंस फेक्ट्री के सामने पावर हाउस के मैदान में रास्ते पर 3 लड़के खड़े हुए थे। उन्होंने मुझे रोक कर साइकिल से नीचे गिरा दिया। साथ ही उसके साथ मारपीट करते हुए वीडियो भी बना लिया।

दो लड़कों ने की मारपीट, एक ने बनाया वीडियो
आरोपियों में से एक लड़का वीडियो बना रहा था और बाकी दो उससे मारपीट कर रहे थे। इनमें से एक लड़के के हाथ में चाकू था। पीड़ित छात्र ने बताया कि मैं उनसे छोड़ने, जाने देने की मिन्नतें करता रहा, मगर उन्होंने मेरी बात नहीं मानी। उल्टा पैरों पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। इससे बाएं पैर में घुटने के ऊपर कट लग गया, जिस पर 4 टांके आए हैं। घुटने से नीचे भी कट लगा है। यहां 3 टांके लगाए गए हैं। आरोपी इस छात्र के रुपए भी लूट ले गए। लकी नरवाल नाम की इंस्टाग्राम आईडी से मारपीट और हमला का यह वीडियो शुक्रवार शाम अपलोड किया गया।
वीडियो पर लगाया यह पंजाबी गाना
इसमें पंजाबी गाना लगाया- ‘शूटर थानेदार झुक के बात करता, डीएसपी सेल्यूट करता।’ बाद में इसी आईडी से एक और पोस्ट शेयर की गई। इसमें लिखा था- फरार। घायल छात्र ने बताया – आरोपियों ने मेरे पास जो रुपए थे, वह भी लूट लिए। जैसे-तैसे इन बदमाशों से छूट कर वह चौराहे तक पहुंचा ही था कि वहां आरोपियों ने दुबारा उसे पकड़ लिया। इस पर यह छात्र चिल्लाने लगा। वहां भीड़ होने से आरोपियों ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद वह अपने घर पर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी। शुक्रवार शाम उद्योग नगर थाने में इन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
पीड़ित छात्र के पिता ने यह कहा
पीड़ित छात्र के पिता ने बताया- आरोपी पास में ही रहते हैं। ये बदमाश प्रवृति के हैं। पीड़ित छात्र के पिता श्रीराम रेंस फेक्ट्री में कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया- मुझे इस घटना की जानकारी मिली तो पहले बेटे को एमबीएस हॉस्पिटल ले गया। बाद में चौराहे पर गया, जहां सीसीटीवी चेक करवाए तो पता चला कि तीनों लड़के उद्योग नगर क्षेत्र के इंदिरा गांधी कॉलोनी के ही रहने वाले हैं। इनमें से दो नाबालिग और एक बालिग है। ये लड़के पहले भी लड़ाई-झगड़े के केस में जेल जा चुके हैं। फेमस होने के लिए ये चाकूबाजी करके वीडियो बना रहे हैं।
