सीएम बोले: मैंने कहा था कि कांग्रेस जीरो से आगे नहीं बढ़ पाएगी, दिल्ली का चुनाव परिणाम देख लीजिए, धाकड़ समाज के राष्ट्रीय अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए सीएम ने कहा-इनसे मेरा गहरा नाता, मैं ब्रज का सखा हूं
सीएम बोले: मैंने कहा था कि कांग्रेस जीरो से आगे नहीं बढ़ पाएगी, दिल्ली का चुनाव परिणाम देख लीजिए, धाकड़ समाज के अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए सीएम ने कहा-इनसे मेरा गहरा नाता, मैं ब्रज का सखा हूं
एनसीआई@कोटा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- मैंने दो दिन पहले विधानसभा में कहा था कि कांग्रेस जीरो से आगे नही बढ़ पाएगी। दिल्ली चुनाव परिणाम देख लीजिए, कांग्रेस जीरो से आगे नहीं बढ़ी है। उन्होंने कहा-धाकड़ समाज से मेरा गहरा नाता है। आप धरणीधर भगवान को मानने वाले हो और मैं ब्रज का लोठा का सखा हूं। धाकड़ समाज के लोग किसान हैं और भगवान धरणीधर भगवान के हाथ में भी हल है।

मुख्यमंत्री यहां रविवार को दशहरा मैदान में आयोजित धाकड़ समाज के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए आगे कहा कि भाजपा सरकार मजदूर, किसान, युवा और महिलाओं का कल्याण कर रही है। इन सब के साथ कांग्रेस के शासन में अन्याय हुआ था। मुख्यमंत्री ने धाकड़ समाज को जयपुर में छात्रावास के लिए जमीन देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रहे।
कांग्रेस ने कृषक कल्याण योजनाओं को अटकाने का काम किया
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने केन्द्र सरकार की कृषक कल्याण योजनाओं को अटकाने का काम किया था। अब हमने किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों को भी जोड़ा है। चुनावों के समय लाए संकल्प पत्र के 50 फीसदी वादे पूरे कर चुके हैं।

वह आगे बोले-युवा और बेरोजगारों से जो वादे किए थे, वह पूरे किए हैं। मेरे पास बहुत बड़ी सूची है। हमने नई भर्तियां निकाली हैं, युवा तैयारी करें। अब समय पर परीक्षा होगी और पेपर कहीं भी लीक नहीं होगा। हमारे 1 साल के शासन में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। मैं युवाओं को, किसान और मजदूर के बच्चों को कहना चाहता हूं कि वे तैयारी करें, समय से विज्ञप्ति निकलेगी, पेपर होगा, रिजल्ट आएगा और नियुक्ति पत्र भी समय से मिलेगा। हमारा लक्ष्य 6 लाख युवाओं को रोजगार देने का है।
मुख्यमंत्री ने कहा- मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए कृत संकल्पित’ है। 2027 तक किसानों को दिन में बिजली मिलने लगेगी और उद्योगों को पर्याप्त आपूर्ति भी होगी।
वैज्ञानिक खेती करता है धाकड़ समाज: बिरला
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि धाकड़ समाज वैज्ञानिक और इनोवेशन की खेती करने के लिए जाना जाता है। जिस गांव में धाकड़ समाज के लोग खेती करते हैं,अन्य लोगों को भी सिखाते हैं और प्रेरणा देते हैं।

धाकड़ समाज धरती पुत्र: ऊर्जा मंत्री नागर
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि, धाकड़ समाज धरती पुत्र है। हमेशा से जमीन का सीना चीर कर खेती करता है। मुख्यमंत्री भी किसान हैं। उन्होंने खुद का जिक्र करते हुए कहा कि धाकड़ समाज के बेटे को ऊर्जा मंत्री की जिम्मेदारी मिली है। मुख्यमंत्री का संकल्प है कि किसानों को लगातार बिजली मिले। आज मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ की लागत के धरणीधर भवन का लोकार्पण किया है।
नागर ने कहा-हमारे समाज के लोग शिक्षा में आगे बढ़ रहे हैं। जिस तरह से मीणा समाज को 100 बीघा जमीन कोटा में बीते शासन में दी गई है, हमारे समाज को भी मिलनी चाहिए, ताकि हम भी एक एजुकेशनल इंस्टिट्यूट खड़ा कर सकें। इससे समाज को के साथ-साथ पूरे हाड़ोती को फायदा होगा।
