April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

वक्फ कमेटी के कोटा ऑफिस में डिफाल्टर ठेकेदार ने की फायरिंग, टेंडर प्रक्रिया रोकना चाहता था, आरोपी पर 17 लाख रुपए बकाया

वक्फ कमेटी के कोटा ऑफिस में डिफाल्टर ठेकेदार ने की फायरिंग, टेंडर प्रक्रिया रोकना चाहता था, आरोपी पर 17 लाख रुपए बकाया

दो फायर ऑफिस के बाहर व एक फायर अंदर किया, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, आरोपी को तलाश कर रही पुलिस

एनसीआई@कोटा

वक्फ कमेटी की टेंडर प्रक्रिया के दौरान मंगलवार को डिफॉल्टर ठेकेदार ने तड़ातड़ तीन गोलियां दाग दीं। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर बैठे लोगों की जान सांसत में आ गई। अफरा तफरी मच गई। जान बचाने के लिए घबराकर इधर-उधर भागे। इस वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

किशोरपुरा थाना इलाके में स्थित वक्फ के ऑफिस में अपराह्न सवा तीन बजे करीब यह घटना हुई।‌ इस समय यहां टेंट और डेकोरेशन के टेंडर की प्रक्रिया चल रही थी।

टेंडर नहीं होने देना चाहता था आरोपी

इस मामले में वक्फ कमेटी के सदर सरफराज अंसारी ने बताया कि कार्यालय में टेंट और डेकोरेशन के टेंडर की प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान वहां ठेकेदार कादिर खान अचानक पहुंचा।‌ पहले तो उसने सदर ऑफिस के बाहर ही दो फायर किए। वहीं, एक फायर ऑफिस के अंदर किया। इससे कार्यालय का कांच टूट गया। एक गोली ऑफिस के गेट के ऊपर दीवार पर लगी। कादिर का पिछले 3 साल से वक्फ कमेटी में टेंडर था। वह नहीं चाहता था कि आगे भी किसी नए ठेकेदार के पास कमेटी के टेंट और लाइट के डेकोरेशन का काम जाए।

कादिर पर 17 लाख रुपए बकाया

अंसारी ने बताया- कादिर वक्फ कमेटी से डिफाल्टर है। उस पर 17 लाख रुपए से अधिक की राशि बकाया चल रही है। टेंडर रोकने के इरादे से वह फायरिंग कर भाग गया। हालांकि बाद में टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। पुलिस को सूचना दे दी गई थी। इसके बाद वह हम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं, आरोपी ठेकेदार कादिर के खिलाफ किशोरपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.