कोटा: गर्लफ्रेंड के लगातार पैसे मांगने से परेशान एसएससी की तैयारी कर रहे युवक ने आत्महत्या की
5 साल से चल रहा था अफेयर, युवती के परिवार पर पैसे मांगने व मारपीट करने का आरोप
एनसीआई@कोटा
एसएससी की तैयारी करने के साथ एक हॉस्टल में वार्डन का जॉब भी करने वाले एक युवक ने अपने निर्माणाधीन मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि इसका एक युवती से 5 साल से अफेयर चल रहा था। अब यह युवती उससे लगातार पैसे मांगने लगी थी। इसके अलावा आत्महत्या से पहले इस युवक से युवती के भाई ने बुरी तरह मारपीट भी की थी। यह मामला शहर के भीमगंजमंडी थाना इलाके का है।
भीमगंजमंडी थाना पुलिस के अनुसार, जितेन्द्र उर्फ सेंकी (29) नंदा जी बाड़ी, खेड़ली फाटक इलाके में रहता था। बुधवार रात करीब 8 बजे वह निर्माणाधीन मकान में फांसी पर लटका मिला था। परिजन उसे नीचे उतारकर एमबीएस हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने शिकायत दी है कि जितेन्द्र का किसी युवती के साथ अफेयर चल रहा था। वह उससे पैसे मांगती थी। इसके अलावा उसके भाई ने उसके साथ मारपीट भी की। इसी से तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक के मामा ने यह किया खुलासा
इस मामले में जितेन्द्र के मामा जयप्रकाश ने बताया कि एसएससी की तैयारी करने के साथ वह किसी हॉस्टल में वार्डन का काम भी करता था। करीब 5 साल से उसका एक युवती से अफेयर चल रहा था। एक साल से यह युवती जितेन्द्र से पैसों की डिमांड करने लगी थी। इससे वह तनाव में रहने लगा था। उसके पिता ऑटो रिक्शा चलाते हैं।
जयप्रकाश का कहना है कि बुधवार को युवती के भाई ने जितेन्द्र को अपनी दुकान पर बुलवाया तो वह दोपहर 1 बजे करीब उसके पास गया। वहां युवती के भाई ने जितेन्द्र को दुकान के अंदर बंद कर पैसों की मांग करते हुए जमकर पीटा।
जितेन्द्र को दुकान से छुड़ाकर निकाला
मामा जयप्रकाश का कहना है कि इस बात का पता लगने पर वह मौके पर गया और दुकान के अंदर जाकर जितेन्द्र को छुड़वाया। इसके बाद शाम करीब बजे तक जितेन्द्र उसके साथ ही रहा। बाद में जितेन्द्र अपने निर्माणाधीन मकान पर चला गया। जयप्रकाश के अनुसार रात 8 बजे करीब वह वहां गया तो जितेन्द्र नल के पाइप पर फंदे से लटका हुआ मिला।
जयप्रकाश का कहना है कि युवती के भाई ने 4-5 दिन पहले जितेन्द्र का मोबाइल छीन लिया था। जितेन्द्र की मौत की सूचना मिलते ही युवती के परिजनों ने यह मोबाइल और गिफ्ट लौटा दिए।
