April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी की बदनाम होटल में कोटा के 25 वर्षीय युवक का मर्डर, होटल के कर्मचारियों ने ही आधी रात के बाद वारदात को दिया अंजाम

बूंदी की बदनाम होटल में कोटा के 25 वर्षीय युवक का मर्डर, होटल के कर्मचारियों ने ही आधी रात के बाद वारदात को दिया अंजाम

800 रुपए के बिल को लेकर हुआ था विवाद, चार आरोपी हिरासत में लिए

•देह व्यापार के आरोप में बदनाम रहा है यह होटल

-राजीव सक्सेना ‘राज’

कोटा/बूंदी।

बूंदी की एक होटल पर रविवार देर रात दोस्तों के साथ खाना खाने गए कोटा के एक युवक को होटल‌‌ के कर्मचारियों ने इतना पीटा कि उसकी जान ही चली गई। दरअसल, कोटा के इन युवकों का रात डेढ़ बजे करीब होटल के कर्मचारियों से 800 रुपए के खाने के बिल को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात पर यह हत्याकांड हो गया। कोटा रोड पर रामगंज बालाजी मंदिर के पास स्थित यह ‘वेलकम होटल’ सदर थाना क्षेत्र में आता है।

इस वारदात की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंच गया।‌ क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया। एएसपी उमा शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। बाद में चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

यह है पूरा मामला

बूंदी सदर थाना अधिकारी रमेश आर्य के अनुसार कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के डीसीएम निवासी रणजीत सिंह (27), हरगुन सिंह (26), नितिन खटीक (25) पुत्र ओम प्रकाश व ललित (24) बूंदी के वेलकम होटल पर खाना खाने आए थे। यहां होटल स्टाफ के साथ बिल देने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो 10-12 होटलकर्मी हॉकी और बेसबॉल बैट लेकर आए और चारों दोस्तों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस वारदात में नितिन खटीक गम्भीर घायल हाे गया। इस पर बाकी तीनों दोस्त उसे लेकर कोटा अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। इधर, जैसे ही इस मामले की जानकारी मृतक के परिजनों व परिचितों को मिली, वे मॉर्च्युरी के बाहर जमा हो गए और हंगामा करने लगे। इन्होंने आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने, मुआवजा देने और होटल को सीज करने की मांग की।

बूंदी से वार्ता करने पहुंचे तहसीलदार

मृतक के परिजनों की मांग पर बूंदी से तहसीलदार बलबीर सिंह इनसे वार्ता करने कोटा पहुंचे। तहसीलदार ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से हर संभव मदद दिलाने सहित होटल को भी सीज करने का आश्वासन दिया। होटल संचालक और मारपीट करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी बात कही। मृतक नितिन फाइनेंस कम्पनी में काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

नितिन के दोस्त रणजीत ने बताया कि वे चार दोस्त रामगंज बालाजी मंदिर के पास स्थित वेलकम रेस्टोरेंट पर खाना खाने गए थे। होटल के काउंटर पर बिल की बात पर नितिन की स्टाफ से बहस हुई थी। इसके बाद झगड़ा हुआ और होटल के कर्मचारियों ने हमला कर दिया।

अवैध गतिविधियों के लिए बदनाम है होटल वेलकम

रामगंज बालाजी मंदिर क्षेत्र में स्थित होटल वेलकम संदिग्ध गतिविधियों के चलते पहले से ही पुलिस की रडार पर रहा है। यहां सदर थाना पुलिस व जिला विशेष शाखा देह व्यापार मामले में कार्रवाई कर चुकी है। एक बड़ी कार्रवाई 13-14 मार्च 2023 को हुई थी। इसमें 8 युवतियों व 11 युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा था। यह कार्रवाई

तत्कालीन सदर थाना अधिकारी अरविंद भारद्वाज ने की थी। भारद्वाज अभी कोटा के कुन्हाड़ी थाना अधिकारी हैं। वेलकम होटल पर सालों से देह व्यापार के आरोप लगते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.