कोटा में 29 मार्च, शनिवार को राज्य स्तरीय युवा एवं रोजगार उत्सव, 7 हजार बेरोजगार युवक-युवतियों को दिए जाएंगे नियुक्ति पत्र
• लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व अन्य मंत्री करेंगे शिरकत
-विभिन्न जन हितैषी योजनाओं की होगी शुरुआत• भीलवाड़ा में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय विकास एवं सुशासन उत्सव, 10 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण
एनसीआई@कोटा
राजस्थान दिवस पर आयोजित हो रहे साप्ताहिक महोत्सव की शृंखला में 29 मार्च, शनिवार को कोटा के दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर राज्य स्तरीय ‘युवा एवं रोजगार उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें लगभग 7 हजार युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर रोजगार मेला एवं प्लेसमेंट शिविर का आयोजन भी होगा। स्किल नीति एवं युवा नीति का विमोचन, द्रोणाचार्य अवार्डियों को भूमि आवंटन के लिए दिशा-निर्देश, निजी क्षेत्र में रोजगार पर 10 हजार रुपए की सहायता के लिए योजना के दिशा-निर्देश, अटल ज्ञान केन्द्र एवं नई किरण नशामुक्ति केन्द्र के दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान एवं बच्चों को बैग एवं यूनिफॉर्म के लिए डीबीटी योजना की शुरुआत की जाएगी। राज्य स्तरीय युवा एवं रोजगार उत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, कोटा के प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सहित स्थानीय विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी शामिल होंगे।
भीलवाड़ा में मुख्यमंत्री ने बताया सुशासन का मंत्र
राजस्थान दिवस कार्यक्रम के उपलक्ष्य में शुक्रवार को भीलवाड़ा में आयोजित हुए विकास एवं सुशासन उत्सव को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास हमारे लिए सुशासन का मंत्र है। विकास और सुशासन के इस संकल्प में जनता का साथ हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि हम राजस्थान को एक समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी जिलों में किया गया। इस क्रम में कोटा के सियाम ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
आमजन को मिली ये सौगातें
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं के दिशा-निर्देश जारी करने के साथ ही 10 हजार करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने नगरीय विकास विभाग से सम्बंधित डेलिगेशन के आदेश, फायर एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया के सरलीकरण, नए जिलों में डीएमएफटी के गठन, हरित अरावली विकास परियोजना, अन्नपूर्णा भंडार व रजिस्ट्रार कार्यालय सप्ताह में 2 दिन सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुलने के दिशा-निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर सभी जिलों की पंच गौरव पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इससे स्थानीय क्षमताओं और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
कोटा के पंच गौरव किए गए चिह्नित
कोटा में ‘पंच गौरव’ योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में विशेष पहचान चिह्नित की गई है। ‘एक जिला, एक उत्पाद’ के तहत कोटा डोरिया, ‘एक जिला, एक खेल’ में कुश्ती, ‘एक जिला, एक पर्यटन स्थल’ के रूप में चम्बल रिवर फ्रंट, ‘एक जिला, एक उपज’ में धनिया और ‘एक जिला, एक प्रजाति’ के तहत खैर को चयनित किया गया है। इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए सम्बंधित विभागों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम, कार्यशालाएं और जागरुकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
पत्रकार हेल्थ कवरेज योजना एवं चिकित्सा एप का शुभारम्भ
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि पत्रकार हमारे लोकतंत्र के प्रहरी और चौथा स्तम्भ हैं। विकसित राजस्थान के सपने को साकार करने में उनकी भूमिका अहम है। उनके श्रम और समर्पण को सम्मान देते हुए हमारी सरकार ने पत्रकार हेल्थ कवरेज (आरजेएचएस) योजना का शुभारम्भ किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए चिकित्सा अप लॉन्च किया गया है। इससे मरीज घर बैठे मोबाइल से अपॉइंटमेंट ले सकेंगे।
………….……………………..
कोटा में निवेश उत्सव कार्यक्रम 31 मार्च को
राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में निवेश उत्सव कार्यक्रम अब 31 मार्च को सुबह 11 बजे पुरुषार्थ भवन, रोडनम्बर 5, गोबरिया बावड़ी, इन्द्रप्रस्थ औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा।
महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र हरिमोहन शर्मा ने बताया कि समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल संवाद किया जाएगा।
