राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा, मोबाइल एप से मिल जाएगा डॉक्टर का अपॉइंटमेंट, लेब रिपोर्ट भी कर सकेंगे डाउनलोड
एनसीआई@भीलवाड़ा
राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में अब मरीजों को लम्बी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। ऐसा राजस्थान सरकार की ओर से लॉन्च किए गए एकीकृत स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली (IHMS) मोबाइल एप के कारण होगा। इस एप से ही अब डॉक्टर का अपॉइंटमेंट भी लिया जा सकेगा। साथ ही लेब रिपोर्ट भी डाउनलोड की जा सकेगी।
प्रारम्भ में इस योजना से जयपुर के दो सरकारी अस्पतालों कांवटिया और जयपुरिया अस्पताल को जोड़ा गया है। एकीकृत स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली का फायदा उठाने के लिए गूगल प्ले स्टोर से IHMS Rajasthan एप को डाउनलोड किया जा सकता है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को भीलवाड़ा में हुए कार्यक्रम में चिकित्सा एप को लॉन्च करने के साथ 10 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी भी उनके साथ मौजूद थे।
