सूचना पर प्रशासन का एक्शन: बूंदी जिले में 14 बाल विवाह रुकवाए
एनसीआई@बूंदी
बूंदी जिले में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग के प्रयास से 30 अप्रेल को होने जा रहे 14 बाल विवाहों को रुकवा दिया गया है। तहसीलदार इन्द्रगढ़ एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने सोमवार को हिंडोली तहसील, रायथल तहसील व इन्द्रगढ़ तहसील कोर्ट से निषेधाज्ञा जारी करवा कर यह कार्रवाई की।
जिला प्रशासन एवं जिला बाल संरक्षण इकाई, बूंदी द्वारा पूर्व में भी बाल संदर्भ केन्द्र, ह.च.मा. रीपा के संयुक्त तत्वावधान में प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर सरपंच, वार्ड पंच, ग्राम विकास अधिकारी एवं पंचायत स्तरीय हितधारकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन कर बाल विवाह रोकथाम में उनकी भूमिका को स्पष्ट किया। इस कारण बाल विवाह की प्राप्त शिकायतों में वृद्धि हुई।
जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि, 30 अप्रेल को जिले के विभिन्न हिस्सों में 14 बच्चों के बाल विवाह सम्पन्न होने जा रहे हैं। प्राप्त सूचना की पुष्टि करते हुए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों के सहयोग से बालक-बालिकाओं के परिजनों को मौके पर पहुंच कर प्रभावी कार्यवाही करते हुए ट अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट के माध्यम से निषेधाज्ञा जारी करवा 14 बच्चों के बाल विवाह रुकवाए।
इस प्रभावी कार्रवाई में अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति सीमा पौद्दार, सहायक निदेशक बाल अधिकारिता विभाग हुकमचन्द्र जाजौरिया, रायथल तहसीलदार प्रकाश चन्द्र मीणा, तहसीलदार इन्द्रगढ़ राजेन्द्र मीणा, नायब तहसीलदार रामभरोस मीणा, इन्द्रगढ़ थाने से महावीर सैनी एएसआई, कॉन्स्टेबल हरिओम, कॉन्स्टेबल कमल, दबलाना थाने के एएसआई कमलेश गुर्जर, कॉन्स्टेबल विरेन्द्र गुर्जर मय टीम, पटवारी अरविन्द अग्रवाल, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल अधिकारिता विभाग से जिला समन्वयक रामनारायण गुर्जर, सुपरवाइजर पिंकी राठौर, सुपरवाइजर बुद्धिप्रकाश सेन, सुपरवाइजर रवि कुमार प्रजापत, केस वर्कर मुकेश गोस्वामी व केस वर्कर अर्चना मीणा का सहयोग रहा।
