भाजपा नेता की पत्नी के जेवर लूट चाकू से गला रेत हत्या, भाजपा नेता भी गम्भीर घायल, रक्षाबंधन मनाकर ससुराल से लौट रहे दम्पती के साथ हुई यह वारदात
एनसीआई@अजमेर
जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दो बजे करीब दिन-दहाड़े बदमाशों ने एक भाजपा नेता की पत्नी से जेवर लूटने की मशक्कत में चाकू से वार कर हत्या कर दी। इस वारदात में भाजपा नेता भी गम्भीर घायल हो गए। दिन-दहाड़े हत्या से लोगों में गहरा आक्रोश है।

भाजपा नेता रोहित सैनी (35) सिलोरा भाजपा मंडल के महामंत्री हैं। वे पत्नी संजू (32) के साथ ससुराल से रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर लौट रहे थे। उनकी चार साल की बेटी हेनल दादा-दादी के साथ बाहर गई हुई थी।
इस मामले में सीओ किशनगढ़ ग्रामीण उमेश गौतम ने बताया कि उदयपुर कलां निवासी रोहित सैनी, पत्नी संजू सैनी के साथ रक्षाबंधन पर रलावता गांव में अपने ससुराल गए थे। रविवार को यह दम्पती रलावता से सिलोरा गांव की ओर संजू के रिश्ते में लगने वाले भाई के यहां राखी बांधने जा रहे थे। गांव पहुंचने से तीन किलोमीटर पहले उनकी बाइक को बदमाशों ने रोक लिया।
इसके बाद पीछे से भी एक बाइक पर और बदमाश आए और सबने मिलकर इन्हें घेर लिया। इसके बाद संजू को चाकू दिखाकर उसके जेवर छीनने की कोशिश की। साथ ही पति-पत्नी से जमकर मारपीट भी की। जेवर लूटने के बाद बदमाशों ने संजू के गले पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। रोहित ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने संजू के गले से सोने की कंठी और चेन तोड़ ली और दोनों कान काटकर सोने की झुमरियां भी तोड़ ली।

आसपास के लोगों ने रोहित और उनकी पत्नी संजू को घायल हालत में किशनगढ़ के जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने संजू को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के बाहर प्रदर्शन, नारेबाजी
घटना की सूचना मिलते ही सैनी समाज के लोग अस्पताल पर इकट्ठा हो गए। इधर, समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव उठाने से इनकार कर दिया।
ऐसे तनाव भरे माहौल में मौके पर किशनगढ़ शहर, मदनगंज और गांधीनगर थाने का जाप्ता तैनात कर दिया गया था। इस बीच कुछ युवाओं ने अस्पताल के बाहर रोड जाम करने की कोशिश की। पुलिस ने समझाइश कर उन्हें वहां से हटा दिया।
