राहुल गांधी के पास आई वोट चोरी की शिकायत निकली फर्जी, प्रियंका गांधी को भी लगा था ऐसा ही झटका
एनसीआई@नई दिल्ली/सेन्ट्रल डेस्क
गत दिनों वोटर लिस्ट में 124 साल उम्र देखकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार की एक महिला वोटर को फर्जी बताया था। यही नहीं प्रियंका ने उस महिला के चेहरे वाली टी-शर्ट पहनकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन भी किया था। हालांकि असलियत में इस महिला मिंता देवी की उम्र 35 साल है, लेकिन यह वोटर लिस्ट की यह गलती चुनावी राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गई। खुद मिंता देवी इस राजनीतिक ड्रामे से नाराज हुईं और सामने आकर कहा कि- “मेरा चेहरा टी-शर्ट पर छापकर राजनीति मत करो, बस मेरा वोटर कार्ड ठीक कर दो।” इसके बाद प्रियंका की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी, मगर स्वाभाविक रूप से यह उनकी राजनीति के लिए बड़ा झटका था। अब तकरीबन इसी तरह की स्थिति प्रियंका के बड़े भाई व लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के सामने भी पैदा हुई है। यह अलग बात है कि उन्हें सच्चाई सामने आने के बावजूद कोई फर्क नहीं पड़ा, वह लगातार कथित वोट चोरी के आरोप को जोरशोर उठाते रहे।
दरअसल, हुआ यूं कि बिहार में ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी से एक महिला द्वारा की गई मतदाता सूची से परिवार के 6 सदस्यों के नाम कटने की शिकायत जांच में गलत पाई गई है। यह शिकायत रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड के तहत जपला गांव निवासी सुधीर राम की पत्नी रंजू देवी (30 ) ने की थी।
17 अगस्त से शुरू हुई राहुल गांधी की यात्रा के दौरान सासाराम में आयोजित जनसभा के बाद उन्होंने कुछ चुनिंदा मतदाताओं से मुलाकात की। इसी दौरान रंजू देवी ने कहा कि उनके परिवार के 6 लोगों के नाम नई मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले वह और उनका परिवार कई बार मतदान कर चुके हैं, लेकिन इस बार ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं है। इस मुलाकात के वीडियो को कांग्रेस ने तुरंत वायरल कर थोड़ी देर बहुत हंगामा मचाया, जल्द ही पासा पलट गया।
जांच में दावा निकला झूठा
वो ऐसे कि, मामले के संज्ञान में आते ही सम्बंधित बीएलओ ने मामले की जांच की। जांच में पता चला कि रंजू देवी और उनके परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में पहले से दर्ज हैं। उप निर्वाचन पदाधिकारी पुष्कर कुमार ने बताया कि महिला कम पढ़ी-लिखी और गरीब है, संभवतया वह स्थानीय नेताओं के बहकावे में आ गई थी। अब महिला ने स्वयं सूची देखकर संतोष जताया है कि परिवार के सभी नाम शामिल हैं।
वार्ड सदस्य पर लगाए आरोप
रंजू देवी ने इस बीच अपने वार्ड सदस्य पर गम्भीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वार्ड सदस्य ने ही उन्हें गुमराह किया और कहा कि उनके परिवार का नाम सूची से हटा दिया गया है। साथ ही उन्हें सलाह दी गई कि राहुल गांधी से मिलकर नाम जुड़वाने की बात कहें। इसी आधार पर उन्होंने राहुल गांधी से शिकायत की थी। फिलहाल महिला ड्राफ्ट सूची देखकर संतुष्ट हैं।
ऐसे में देखा जाए तो रंजू देवी का यह खुलासा भी राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस टीम को शर्मसार करने वाला है। मगर इस पर किसी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई, मगर बीजेपी को राहुल के खिलाफ एक और बड़ा मुद्दा मिल गया और वह दिनभर इस पर कटाक्ष कर मजे लेती रही।
