जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, हल्की चोट आई, गुजरात निवासी आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह जनसुनवाई के दौरान शिकायत लेकर आए एक शख्स ने हमला कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने सीएम को थप्पड़ मारा और गाली दी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज बुधवार सुबह जनसुनवाई के दौरान शिकायत लेकर आए एक शख्स ने हमला कर दिया। आरोपी यहां कोई शिकायती पत्र लेकर आया था। उसने अपना नम्बर आने पर पहले रेखा गुप्ता से कुछ बात की, फिर कागज पकड़ाते हुए जोर-जोर से बोलने लगा। इससे वहां उनकी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों के अलावा पार्टी कार्यकर्ता भी सतर्क हो गए। मगर तभी अचानक उसने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मार दिया और गाली बकी। इससे वहां हड़कम्प मच गया। बताया यह भी जा रहा है कि इस हमले से बचने के लिए मुख्यमंत्री नीचे झुकीं तो उनका सिर एक टेबल से टकरा गया। इससे उन्हें हलकी चोट आई है। आरोपी राजेश भाई खीमजी (41), गुजरात के राजकोट का रहने वाला बताया गया है। दिल्ली पुलिस ने इसकी जानकारी वेरिफाई करने के लिए गुजरात पुलिस से जानकारी मांगी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सिविल लाइंस स्थित अपने सरकारी आवास (केम्प ऑफिस) में ही जनसुनवाई कर रहीं थीं, तभी यह घटना हुई। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। अब सवाल है कि आखिर रेखा गुप्ता के साथ असल में यह क्यों हुआ?
आरोपी ने जनसुनवाई के दौरान पहले बात करते हुए मुख्यमंत्री रेखा को कागज सौंपा। जैसे ही उन्होंने कागज अपने हाथ में लिए, आरोपी ने चिल्लाते हुए उनसे खींचतान व हाथापाई की कोशिश करते हुए थप्पड़ मारने की कोशिश की। सूत्रों का कहना है कि थप्पड़ सीएम गुप्ता को लगा है। इतना ही नहीं, उसने गाली-गलौच भी की है। सूत्रों का कहना है कि हमलावर कोर्ट के कुछ पेपर्स लेकर सीएम के पास जनसुनवाई में गया था।
जैसे ही मुख्यमंत्री पर यह हमला हुआ, खलबली मच गई। आनन-फानन में सुरक्षा में तैनात अधिकारी दौड़े और हमलावर राजेश भाई खीमजी को पकड़ा। इधर, इस हमले से रेखा गुप्ता अचम्भित रह गईं। उन्हें समझ नहीं आया कि उनके साथ ऐसा क्यों हुआ। रेखा गुप्ता की मेडिकल जांच की गई। अब सवाल है कि आखिर हमलावर का मकसद क्या था? ऐसी क्या मजबूरी थी कि उसने मुख्यमंत्री पर हमला किया? क्या यह कोई साजिश है?
फिलहाल, हमलावर को सिविल लाइन थाने में रखा गया है। यहां उससे पूछताछ जारी है। इसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी के हाथ में कोर्ट के कुछ कागजात मिले हैं। कहा यह भी जा रहा है कि आरोपी ने रेखा गुप्ता पर पत्थर फेंकने की भी कोशिश की थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभी तक उसके हमले का कारण सामने नहीं आया है। बहरहाल, यह दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ सुरक्षा चूक का बड़ा मामला है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले की भाजपा ने निंदा की है। बहरहाल, सीएम रेखा गुप्ता पर हमले की सूचना गृह मंत्रालय को दे दी गई है।
अब कुछ सवाल हैं जो सबके मन में उठ रहे हैं?
• आखिर इतनी सुरक्षा के बाद भी आरोपी की एंट्री कैसे हुई?
• आरोपी अकेले आया था या साथ में कोई और भी था?
• क्या पहले उसने आकर देखा था कि एक्सेस आसान है या नहीं?
• क्या यह इंस्टेंट रिएक्शन है या सोची समझी साजिश?
• आखिर पुलिस ने तुरंत एक्शन क्यों नहीं लिया?
• मुख्यमंत्री पर हाथ उठाने की आखिर इतनी हिम्मत कैसे हुई?
पुलिस अब क्या कर रही?
फिलहाल, मुख्यमंत्री पर हमले के बाद आरोपी शख्स से दिल्ली पुलिस की टीमें पूछताछ कर रही है। डीसीपी नॉर्थ जिला समेत कई अधिकारी मौके का मुआयना कर रहे हैं। आखिर आरोपी की एंट्री कैसे हुई और वो वहां तक कैसे पहुंचा, इस बारे में स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि सीएम की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर भी गाज गिर सकती है।
