8 साल बाद हॉकी एशिया कप ट्रॉफी पर भारत का कब्जा, विश्व कप के लिए भी किया क्वालिफाई
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कोरिया को हराकर एशिया कप जीता। राजगीर में खेले गए फाइनल में भारत ने 5 बार की चेम्पियन कोरिया को 4-1 से हराया। टूर्नामेंट जीतने के साथ भारत ने अगले साल होने वाले विश्व कप लिए क्वालिफाई भी कर लिया।
एनसीआई@स्पोर्ट डेस्क
दिलप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को दक्षिण कोरिया को फाइनल में 4-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। भारत ने चौथी बार एशिया कप खिताब जीता है और इसके साथ ही वह पांच बार की चेम्पियन कोरिया के बाद टूर्नामेंट की दूसरी सबसे सफल टीम बन गई। इसके साथ ही हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।
इससे पहले भारत 2017 में मलेशिया को हराकर चेम्पियन बना था। कोरिया के खिलाफ फाइनल में भारत के लिए सुखजीत सिंह ने पहले ही मिनट में गोल दागा, जबकि दिलप्रीत ने 28 वें और 45 वें मिनट में गोल किए। अमित रोहिदास ने 50 वें मिनट में चौथा गोल दागा। वहीं पांच बार की चेम्पियन दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल 51वें मिनट में डेन सोन ने किया।
भारत ने टूर्नामेंट में पांच जीत दर्ज की और एक ड्रॉ खेला। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने तीनों पूल मैच जीते। सुपर 4 चरण में मलेशिया को 4-1 और चीन को 7-0 से हराया, जबकि कोरिया से मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था। भारत ने इससे पहले 2003, 2007 और 2017 में एशिया कप जीता था। दक्षिण कोरिया ने 1994, 1999, 2009, 2013 और 2022 में खिताब जीता है।
खचाखच भरे राजगीर खेल परिसर में भारत के लिए सुखजीत सिंह ने पहले ही मिनट में गोल दागा, जबकि दिलप्रीत ने 28 वें और 45 वें मिनट में गोल किए। अमित रोहिदास ने 50 वें मिनट में चौथा गोल दागा। वहीं पांच बार की चेम्पियन दक्षिण कोरिया के लिए एकमात्र गोल 51वें मिनट में डेन सोन ने किया।
भारत ने टूर्नामेंट में पांच जीत दर्ज की और एक ड्रॉ खेला। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने तीनों पूल मैच जीते। सुपर 4 चरण में मलेशिया को 4 -1 और चीन को 7-0 से हराया जबकि कोरिया से मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था।
भारत ने पहले क्वार्टर में ही किया गोल
पहले ही सेकंड से भारतीय टीम ने आक्रामक शुरूआत की। डिफेंस, मिडफील्ड और फॉरवर्ड पंक्ति के बीच कमाल का तालमेल था और एक ईकाई के रूप में विरोधी गोल पर कई हमले बोले गए। दूसरी ओर कोरियाई टीम अधिकांश समय रक्षात्मक खेल दिखाती नजर आई जो उस पर भारी पड़ा। पहले दो क्वार्टर में भारतीय डिफेंस को भेदने में उसे कामयाबी नहीं मिली और गोल करने के मौके भी कोरियाई टीम बना नहीं सकी।
भारत के लिये पहला गोल 30 वें सेकंड में सुखजीत ने दागा। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने बायें फ्लेंक से शानदार प्रदर्शन करते हुए सुखजीत को गेंद सौंपी, जिसने बायें कॉर्नर पर से रिवर्स हिट लगाकर गेंद को गोल के भीतर डाला। दिलप्रीत आठवें मिनट में गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन विवेक सागर प्रसाद के पास पर उनका शॉट कोरियाई गोलकीपर जेहान किम ने बचा लिया। अगले ही मूव पर भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन जुगराज सिंह की कोशिश नाकाम रही। भारतीय आक्रामक पंक्ति ने कोरियाई डिफेंस को पूरे मैच में दबाव में रखा।
हाफ टाइम तक भारत 2-0 से आगे
हरमनप्रीत ने हवा में गेंद उछालकर बाएं कॉर्नर पर संजय को पास दिया, जिसने सर्कल के भीतर दिलप्रीत को गेंद सौंपी। उन्होंने गोल करके हाफ टाइम तक भारत को 2-0 से बढ़त दिला दी। कोरिया को पहला मौका 40 वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर के रूप में मिला, लेकिन भारतीय डिफेंस एक बार फिर अडिग था।
कोरिया ने आखिरी क्वार्टर में किया गोल
भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर 44 वें मिनट में मिला, लेकिन हरमनप्रीत की कोशिश पहले रशर ने नाकाम कर दी। तीसरे क्वार्टर के आखिर में दिलप्रीत ने भारत के लिये एक और गोल किया। हरमनप्रीत ने फ्री हिट पर राजकुमार पाल को पास दिया, जिन्होंने दिलप्रीत को गेंद सौंपी और उन्होंने गोल करने में कोई गलती नहीं की। पांच मिनट बाद भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे रोहिदास ने गोल में बदला। कोरिया के लिए आखिरी मिनटों में सोन ने एकमात्र गोल किया। वहीं मलेशिया ने चीन को 3.0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। जापान ने बांग्लादेश को हराकर पांचवां स्थान पाया
एशिया कप का रिकॉर्ड
दक्षिण कोरिया ने पांच बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। भारत पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा एशिया कप का खिताब जीतने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत ने चार बार एशिया कप अपने नाम किया है। पाकिस्तान की टीम तीन बार (1982,85, 89) खिताब जीतने में सफल रही थी।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अगले साल बेल्जियम और नीदरलेंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्वकप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। अगला विश्व कप 14 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में होना है। भारत ने अब तक सिर्फ एक बार 1975 में कुआलालंपुर विश्व कप जीता है।
