महाभारत के ‘कर्ण’ से प्रसिद्ध हुए अभिनेता पंकज धीर का निधन, 68 की उम्र में केंसर ने ली जान
प्रसिद्ध अभिनेता पंकज धीर अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने बीआर चोपड़ा की महाभारत में कर्ण की यादगार भूमिका निभाई थी। इस भूमिका ने उन्हें टीवी इंडस्ट्री में अमिट पहचान दिलाई। अचानक से आई पंकज की मौत की खबर ने इंडस्ट्री के लोगों और उनके फेंस को स्तब्ध कर दिया है।
एनसीआई@मुम्बई
टीवी इंडस्ट्री से एक जबरदस्त शॉकिंग खबर सामने आई है। वह यह कि नामी एक्टर पंकज धीर का निधन हो गया है। उन्होंने बीआर चोपड़ा की महाभारत में कर्ण की जबरदस्त भूमिका निभा कर सबके दिलों में जगह बना ली थी। उनके करीबी दोस्त अमित बहल ने पंकज की मौत की खबर की पुष्टि कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, पंकज को केंसर था। हालांकि एक बार तो उन्होंने इससे मुक्ति पा ली थी, लेकिन कुछ महीनों में उनका केंसर दोबारा लौट आया था। हालत काफी नाजुक थी। बीमारी की वजह से वो एक बड़ी सर्जरी से भी गुजरे थे, लेकिन पंकज को बचाया नहीं जा सका। पंकज की मौत की खबर से टीवी इंडस्ट्री में मातम पसरा हुआ है। फेंस भी गमगीन हैं। सभी उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
पंकज की मौत पर CINTAA ने भी दुख जताया है। उन्होंने बयान जारी कर बताया कि एक्टर की मौत 15 अक्टूबर को हुई है। उनका अंतिम संस्कार मुम्बई के विले पर्ले में शाम 4.30 बजे किया जाएगा। पंकज CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी रहे थे।
ऐसे मिला था कर्ण का रोल
पंकज धीर ने टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में एक से बढ़कर एक प्रोजेक्ट में काम किया था, लेकिन उन्हें 1988 में आई बीआर चोपड़ा की महाभारत से अलग पहचान मिली। इस सीरद में पंकज ने कर्ण का रोल निभाया था। उन्होंने जिस संजीदगी के साथ इस किरदार को निभाया था, उसकी आज भी मिसाल दी जाती है। एक इंटरव्यू में पंकज ने बताया था कि शुरुआत में उन्होंने अर्जुन के रोल के लिए ऑडिशन दिया था। उन्होंने कॉन्ट्रेक्ट साइन कर लिया था, लेकिन उनका ऑडिशन अच्छा जाने के बावजूद ये रोल फिरोज खान को मिला। इसकी वजह बताते हुए पंकज ने कहा था कि मेकर्स चाहते थे वो बृहन्नला के रोल के लिए अपनी मूंछें हटवाएं। ऐसा करने से पंकज ने मना कर दिया था। उनकी इस जिद ने बीआर चोपड़ा को नाराज कर दिया था। उन्होंने गुस्से में एक्टर को स्टूडियो से बाहर कर दिया था और उनका कॉन्ट्रेक्ट फाड़ दिया था। इसके बाद पंकज 6 महीने तक बिना काम के भटकते रहे। फिर कुछ समय बाद बीआर चोपड़ा ने उन्हें कर्ण के रोल में कास्ट किया।
परिवार में है पत्नी और बेटा
पंकज ने टीवी शोज के अलावा कई फिल्मों में भी काम किया था। वे कई माइथोलॉजिकल शोज का हिस्सा रहे थे। इनमें चंद्रकांता व द ग्रेट मराठा भी शामिल हैं। पंकज ने हिंदी फिल्म सोल्जर, बादशाह, सड़क में भी शानदार काम किया था। उनकी पर्सनल लाइफ की बात करें तो, वो उनके परिवार में पत्नी अनीता धीर और बेटा निकितन धीर है। बेटा निकितन शोबिज में एक्टिव है। निकितिन को फेंस फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस में उनके रोल थंगाबली से जानते हैं। निकितिन ने भी अपने पिता की तरह कई माइथोलॉजिकल शो किए हैं। श्रीमद रामायण में उन्होंने रावण का रोल कर वाहवाही लूटी। उनकी पत्नी कृतिका सेंगर भी एक्ट्रेस हैं। वो कई टीवी शोज में दिखी हैं। हालांकि शादी के बाद वो स्क्रीन पर कम ही नजर आती हैं।
