सड़क पर आया मगरमच्छ, कुत्ते को देख भागने लगा, एक लड़के ने मुंह दबोच काबू में किया, नाले में वापस सुरक्षित छोड़ा
एनसीआई@कोटा
शहर के बारां रोड पर बोरखेड़ा इलाके में रविवार सुबह करीब 11 बजे एक मगरमच्छ नाले से निकल कर सड़क पर आ गया। इस आबादी क्षेत्र में मगरमच्छ को देख लोग उसका वीडियो बनाने लगे। इस दौरान मगरमच्छ एक कुत्ते को देख डरकर भागता हुआ भी नजर आया।
वहीं, इस बीच वन विभाग को सूचना दिए बिना स्थानीय लोगों ने मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी। एक युवक ने उसके मुंह पर पैर रखकर दबोच लिया और सुरक्षित नाले में छोड़ दिया।

बोरखेड़ा इलाके के नया नोहरा में मॉडर्न स्कूल के पास करीब 4 फीट लंबा मगरमच्छ अचानक नाले से निकलकर सड़क पर आ गया था। इसे देख आसपास लोग जुट गए और वीडियो बनाने लगे। एक कुत्ता मगरमच्छ के पास गया तो वह डरकर भागने लगा।मगरमच्छ को पकड़ने के लिए लोग उसके पीछे-पीछे भागते रहे। एक युवक ने मगरमच्छ के मुंह पर पैर रखकर उसे काबू में किया और वापस नाले में छोड़ दिया।
नालों से निकल घरों तक पहुंच जाते हैं मगरमच्छ
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारां रोड क्षेत्र में मगरमच्छ के निकलने की यह कोई नई घटना नहीं है। अक्सर आसपास की नहरों और नालों से मगरमच्छ गलियों व मकानों तक पहुंच जाते हैं। वन विभाग की टीमें इनका रेस्क्यू कर इ क्षेत्र वापस चम्बल नदी या नहर में छोड़ देती हैं।
लोगों का मगरमच्छ को रेस्क्यू करना गलत
वन विभाग के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) अनुराग भटनागर का कहना है कि, अगर किसी भी इलाके में मगरमच्छ आता है तो उसे स्थानीय लोगों द्वारा रेस्क्यू करना गलत है। वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए थी। लोगों के द्वारा रेस्क्यू करने के दौरान एनिमल को चोट भी आ सकती है या फिर एनिमल किसी व्यक्ति को भी काट सकता है।
