कायस्थ समाज 23 को करेगा चित्रगुप्त पूजन, 26 को आयोजित होगा भव्य अन्नकूट महोत्सव, पोस्टर का विमोचन हुआ
एनसीआई@कोटा
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, राजस्थान कोटा द्वारा दीपोत्सव के पावन अवसर पर यम द्वितीया, 23 अक्टूबर को दोपहर 2.30 बजे खेड़ली फाटक स्थित चित्रगुप्त मंदिर (जिंद बाबा मंदिर) में भगवान चित्रगुप्त जी का अभिषेक और पूजन किया जाएगा। वहीं, 26 अक्टूबर को रानपुर स्थित एलबीएस केम्पस में कायस्थ समाज का भव्य अन्नकूट महोत्सव आयोजित होगा।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भगवान चित्रगुप्त जी को धर्म और कर्म का रक्षक माना जाता है। हिन्दू मान्यता के अनुसार वे प्रत्येक व्यक्ति के किए गए कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं और न्याय के अनुसार पारलोक में उनकी समीक्षा करते हैं। यम द्वितीया पर कायस्थ समाज के सदस्य परम्परागत रूप से अपने परिवार और समाज की भलाई के लिए विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।

भाईचारा, सहयोग और सांस्कृतिक धरोहर का पर्व
प्रदेश अध्यक्ष माथुर ने बताया कि 26 अक्टूबर को रानपुर एलबीएस केम्पस में कायस्थ समाज का भव्य अन्नकूट महोत्सव आयोजित होगा। अन्नकूट महोत्सव समाज में भाईचारा, सहयोग और सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करने का पर्व है। इस महोत्सव के दौरान पारम्परिक रीति-रिवाज, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें समाज के सभी बंधु-बांधव भाग लेंगे।
पोस्टर का हुआ विमोचन
महासभा के कोटा जिलाध्यक्ष विनोद सक्सेना ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव के पोस्टर का विमोचन प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने एलबीएस केम्पस, महावीर नगर में किया। इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष नितिन भटनागर, प्रदेश संगठन सचिव नीरज कुलश्रेष्ठ, योगेंद्र माथुर, सुदर्शन माथुर, प्रदेश युवा प्रकोष्ठ के महामंत्री मयूर सक्सेना, आशीष भटनागर, अभिषेक माथुर आदि चित्रांश बंधु मौजूद रहे।
सामाजिक सहयोग का संदेश देंगे
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, भाईचारे और धार्मिक अनुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस पावन पर्व के माध्यम से कायस्थ समाज के लोग न केवल अपनी धार्मिक परम्पराओं को जीवंत करेंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सांस्कृतिक शिक्षा और सामाजिक सहयोग का संदेश भी देंगे।
