जोधपुर ब्लास्ट सिलेंडर से नहीं बारूद से होने की आशंका, शादी वाले घर में हुए धमाके में 13 लोग घायल, एएसपी ने कहा-ग्रामीणों ने गुमराह किया, जबकि विस्फोटक के अवशेष मिले
एनसीआई@जोधपुर
जिले के बावड़ी के पास हरढाणी में मंगलवार शाम एक शादी के घर में ब्लास्ट हो गया। यह ब्लास्ट गैस सिलेंडर फटने की बात कही गई थी, मगर जांच के बाद पुलिस ने यह ब्लास्ट बारूद से होने की आशंका जताई है। इस हादसे में 13 लोग घायल हो गए। इनमें से 9 का एमडीएम और 3 का एमजीएच हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। 2 घायलों की हालत गम्भीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि गांव के लोगों ने सिलेंडर ब्लास्ट होने की बात कह कर गुमराह करने की कोशिश की थी। हादसे में दूल्हा महेंद्र भी झुलस गया है। महेन्द्र की 15 नवम्बर को शादी है।

ग्रामीण एएसपी भोपाल सिंह लखावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वह एसएफएल (SFL) टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसएफएल टीम की प्रारम्भिक पड़ताल में मौके पर विस्फोटक के अवशेष मिले हैं। यह खनन में प्रयुक्त होने वाला विस्फोटक या बारूद हो सकता है। जांच के बाद इसकी पुष्टि होगी। अचानक ब्लास्ट होने से आसपास बैठे लोग भी घायल हो गए। ब्लास्ट में घायलों के चेहरे सहित शरीर में कई जगह चोटें लगीं। महात्मा गांधी हॉस्पिटल में 3, मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में 9 और बावड़ी में 2 घायलों का इलाज चल रहा है।
पता नहीं चला कैसे हुआ ब्लास्ट
वहीं, हादसे में घायल एक व्यक्ति ने बताया कि उसके नाक और मुंह पर चोट लगी है। पता ही नहीं चला कि सीएनजी गैस की टंकी फटी या सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। तेज धमाका हुआ और कुछ पत्थर जैसे आकर गिरे। मुझे कैसे चोट लगी पता ही नहीं चला। एकदम से धुआं हो गया था।
एमडीएम अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया- विस्फोट होने से घायल जो भी लोग यहां आए हैं, उनके शरीर पर छोटी-छोटी धातु से लगने वाली चोटें हैं। भर्ती करके इलाज किया जा रहा है।
गांव के सुरता राम ने बताया कि पहली बार ब्लास्ट हुआ तो तीन-चार लोग घायल हुए थे। उन्हें बावड़ी के हॉस्पिटल लेकर आए थे। दूसरी बार फिर से ब्लास्ट हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों में 2 की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे में ये हुए घायल
गणपत, छोटू सिंह (27), गणेश (27), ओमाराम (35), रामदास (25), दिनेश (22), राकेश (21), सुनील(15), हनुमानराम (21), अकील (23), सम्पत सहित 13 लोग घायल हुए हैं।
