बंद घर में महिला डॉक्टर की सड़ी-गली लाश मिली, पड़ोसियों को बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी, तब खुला राज
एनसीआई@बीकानेर
शहर के बीछवाल इलाके के करणी नगर के एक घर में बुधवार अपराह्न कुछ अनहोनी की आशंका की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। घर का दरवाजा कई दिन से नहीं खुला था। उस पर अंदर से आ रही तेज बदबू ने पड़ोसियों को परेशान कर रखा था। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो वहां पलंग पर मकान मालकिन डॉक्टर का शव पड़ा मिला। उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्च्युरी भिजवा दिया गया।
इस सम्बंध में डीएसपी सदर अनुष्का कालिया ने बताया- भोजवानी विला में डॉ. मोनिका भिजवानी (50) का शव मिला है। एफएसएल टीम ने जांच कर सबूत जुटा लिए हैं। साथ ही जर्मनी में रहने वाले मोनिका के भाई डॉ. संजय भोजवानी को इस बात की जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। यह करीब 4 दिन पुराना हो सकता है, इसलिए शव गल चुका था और बदबू आ रही थी। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि डॉक्टर पड़ोसियों से कम ही बात करती थीं। आगे जांच में पता चलेगा कि उनकी यह हालत कैसे हुई।
इधर, पड़ोसियों का कहना है कि डॉ. मोनिका भोजवानी पिछले कुछ समय से लोगों से मिलजुल नहीं रहीं थीं। वह यहां अकेली रहती थीं। घर के अंदर खड़ी कार पर धूल छा रही थी। इससे अंदाजा लगाया गया कि की दिन से इसका इस्तेमाल नहीं किया गया।
पैथोलॉजिस्ट थीं, 3 साल से नहीं कर रहीं थीं प्रेक्टिस
डॉ. मोनिका भोजवानी सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज की 1993 बैच की एमबीबीएस स्टूडेंट थीं। वह पिछले 3 साल से प्रेक्टिस नहीं कर रहीं थीं। इससे पहले वे बीकानेर के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल में पैथोलॉजिस्ट थीं। उनके पिता सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में सीनियर लैब टेक्नीशियन थे।
